कांगड़ा के तियारा में होगा जनमंच का आयोजन

Kangra Others

DNN धर्मशाला

प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी जनमंच योजना का तीसरा कार्यक्रम 5 अगस्त को कांगड़ा विधान सभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत तियारा में आयोजित किया जायेगा। जनमंच कार्यक्रम की अध्यक्षता वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर करेंगे। जनमंच दिवस 5 अगस्त रविवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तियारा में आयोजित किया जायेगा।
यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त कांगड़ा कमल कांत सरोच ने बुधवार को कांगड़ा में जनमंच कार्यक्रम के सफलता के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। बैठक में उपमंडलाधिकारी कांगड़ा शशीपाल नेगी सहित उपमण्डल के सभी विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।


अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि जनमंच कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं का घरद्वार निपटारा करना है ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दफतरों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने कहा कि जनमंच कार्यक्रम के तहत कांगड़ा विधान सभा क्षेत्र के कांगड़ा ब्लॉक व रैत ब्लॉक की 10 पंचायतों को शामिल किया गया है। इनमें तियारा, समीरपुर खास, सलोल, चकवन समीरपुर, तरखानगढ़, वैदी डुगयारी, सनौरा, भड़ियारा और मेहरना पंचायतें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जनमंच कार्यक्रम में उक्त पंचायतों के लोग अपनी शिकायतें तथा समस्याएं पंचायत सचिव के पास दर्ज करवा सकते हैं और पंचायत सचिव द्वारा सभी प्राप्त शिकायतों को तुरंत ई-समाधान पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा तथा विभागीय अधिकारी इनका निपटारा कर जनमंच कार्यक्रम से पहले ई -समाधान पर अपलोड करेंगे।
उन्होंने कहा कि जनमंच दिवस से 15 दिन पूर्व से ही प्री-जनमंच कार्यक्रम आरंभ हो जायेगा, जिसमें लोग सम्बन्धित ग्राम पंचायतों के कार्यालय में अपनी समस्याओं को लेकर प्रार्थना पत्र सौंप सकते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को इन पंचायतों का स्वयं दौरा कर अपने विभाग की योजनाओं के निरीक्षण करने के निर्देश दिये और लोगों के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार प्रसार करने की बात भी कही।

News Archives

Latest News