मंत्री ने कहा प्रदेश में बढ़ा है 393 वर्ग किलोमीटर वन क्षेत्र

Kangra Others

DNN धर्मशाला
शहरी विकास, आवास एवं नगर नियोजन मंत्री सरवीन चौधरी ने कहा कि जिला काँगड़ा के पालमपुर, नूरपुर व धर्मशाला के वन वृतों में इस वर्ष 700 हेक्टेयर भूमि पर अर्जुन, हरड़, बेहड़ा, आमला, शीशम, कचनार इत्यादि के लगभग 6.50 लाख पौधे लगाएं जाएंगे। शाहपुर विधानसभा के तहत रेहलू के पट्टी गाँव में वन विभाग द्वारा आयोजित पौधरोपण अभियान-2018 के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित कर रहीं थी। इससे पहले उन्होंने स्वयं कार्यक्रम स्थल के पास अर्जुन का पौधा लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश में 12 जुलाई से 14 जुलाई तक लोगों की सहभागिता से पौधारोपण का विशेष अभियान चलाया जा रहा है । इस तीन दिवसीय अभियान में जिला काँगड़ा में 152 हेक्टयर भूमि पर लगभग 1,30,000 पौधे लगाए जाएंगे। शहरी विकास मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय वन सर्वेक्षण की रिर्पोट के अनुसार प्रदेश में 393 वर्ग किलोमीटर वन क्षेत्र बढ़ा है। रिपोर्ट के मुताबिक जिला काँगड़ा में 130 वर्ग किलोमीटर वन क्षेत्र की बढ़ोतरी हुई है।

अपने जन्मदिन पर अवश्य लगाएं एक पौधा
शहरी विकास मंत्री ने कहा कि इंसान के जीवन में वनों का विशेष महत्व है यह मानव जीवन के लिए प्रकृति का अनुपम उपहार हैं। उन्होंने आह्वान किया कि वन संरक्षण को महत्व देते हुए सभी अपने जन्मदिन पर एक-एक पेड़ अवश्य लगाएं। उन्होंने कहा कि हमारे वन अनेकों उपयोगी जीव-जंतुओं व औषधियों का बसेरा हैं। वन पृथ्वी पर जीवन के लिए अनिवार्य तत्व हैं और प्रकृति, परिस्थितिकि एवं ऋतुओं के संतुलन को बनाये रखने में सहायक होते हैं।
शहरी विकास मंत्री ने लोगों से आग्रह किया कि वातावरण को स्वच्छ रखने एवं अपनी जीवन में हरियाली कायम रखने के लिए ज्यादा से ज्यादा पौधरोपण करें और लगाए गए पौधों की देखभाल भी करें तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
वन विभाग के अरण्यपाल डीआर कौशल ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा विभागीय गतिविधियों बारे जानकारी दी।
इस अवसर पर प्रधान मुख्य अरण्यपाल प्रबंधन एसी शर्मा, डीएफओ प्रदीप भारद्वाज, डीएफओ अरविंद, रैत बीडीसी चेयरमैन विजय, अधिशासी अभियंता सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य राजीव महाजन, प्रधानाचार्य कुलभूषण सिंह, रेहलू की प्रधान सीमा देवी, शाहपुर की प्रधान अरुणा देवी, गोरडा प्रधान जसबीर, मंडल महासचिव अमरीश परमार, दीपक अवस्थी, तिलक शर्मा, राकेश चौहान, कमल शर्मा, केवल सिंह, नेणो देवी, अशोक विशिष्ट, एसडीओ सुशील धीमान, राकेश मनु, रजनी देवी के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी रेहलू, बोडु सरना, बलड़ी के लोग उपस्थित रहे।

News Archives