विधानसभा उपाध्यक्ष ने राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खुशनगरी के भवन की रखी आधारशिला

Chamba Himachal News Others

DNN चंबा( तीसा)

4 अक्टूबर विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ हंसराज ने आज ग्राम पंचायत खुशनगरी में राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खुशनगरी के भवन की आधारशिला रखी।
इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए विधानसभा उपाध्यक्ष ने कहा कि राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के भवन निर्माण के लिए लगभग 5 करोड पर की धनराशि व्यय की जाएगी। उन्होंने स्थानीय लोगों को बधाई देते हुए कहा कि इस आदर्श स्कूल के भवन में सभी मूलभूत सुविधाओं सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने यह भी कहा कि भवन के निर्मित होने से क्षेत्र की 5 पंचायतें लाभान्वित होंगी।
उन्होंने विद्यार्थियों से रूबरू होते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा में अध्यापकों और अभिभावकों का मार्गदर्शन होना बेहद जरूरी होता है ताकि वे भविष्य में अपने उद्देश्यों को हासिल कर सकें।
इस दौरान उन्होंने राजकीय माध्यमिक पाठशाला टटरोग के चारदीवारी के निर्माण कार्य के लिए 10 लाख रुपए की धनराशि देने की भी घोषणा की।
डॉ. हंसराज ने क्षेत्र में किए गए विकासात्मक कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि विधानसभा क्षेत्र चुराह में प्राथमिकता के आधार पर सड़कों का निर्माण किया गया है । उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास के लिए सड़कों का विशेष महत्व रहता है। उन्होंने कहा कि पिछड़ा क्षेत्र उप योजना के तहत डोंरी से ईलवास संपर्क सड़क को पक्का किया जाएगा और ईलवास से सकलोगा संपर्क मार्ग को लोक निर्माण विभाग के अधीन लाने का भी आश्वासन दिया।
विधानसभा उपाध्यक्ष को राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खुशनगरी के स्कूल प्रबंधन और स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा शॉल टोपी व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
इस दौरान स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
दोपहर बाद विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ हंसराज ने राजकीय महाविद्यालय तीसा में समाजशास्त्र सोसाइटी हिमाचल प्रदेश और राजकीय महाविद्यालय तीसा के समाजशास्त्र विभाग के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित एक दिवसीय ” ग्रेजुएशन के बाद कैरियर अवसर” विषय पर आधारित संगोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस वर्तमान समय में विद्यार्थियों को अपने जीवन का निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए शिक्षा के साथ-साथ बहु आयामी गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के साथ-साथ चयन किए गए विषय की अवधारणा स्पष्ट होनी चाहिए ताकि उस क्षेत्र में अपना बेहतर कैरियर बना सके। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में तीसा में मार्गदर्शन और कैरियर परामर्श केंद्र भी स्थापित करने का भी आश्वासन दिया।
संगोष्ठी में मुख्य वक्ता राजकीय महाविद्यालय चंबा के समाजशास्त्र के विषय के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ महेंद्र सलारिया ने भी विद्यार्थियों को ग्रेजुएशन के बाद कैरियर अवसरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान प्रधानाचार्य राजकीय महाविद्यालय तीसा डॉ. विद्यासागर, एसोसिएट प्रोफेसर समाजशास्त्र दुनीचंद, प्रधानाचार्य राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तीसा घनश्याम, बीआरसी मदन पाल, प्रधान ग्राम पंचायत खुशनगरी ओम चंद , उप प्रधान जावेद खान, जिला महामंत्री वीरेंद्र ठाकुर, मंडल अध्यक्ष ताराचंद ठाकुर, युवा मोर्चा अध्यक्ष विजय, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष गोविंद, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष कुलवंत शर्मा, अध्यापक राजकीय माध्यमिक पाठशाला टटरोग नियुक्त भारद्वाज सहित राजकीय महाविद्यालय तीसा के प्राध्यापक मौजूद रहे।

News Archives

Latest News