DNN शिलाई।
सिरमौर जिले में दर्दनाक हादसा पेश आया है। जहं भूस्खलन की चपेट में आने से चार बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। रास्त पंचायत के खुजराड़ी गांव में एक मकान के भूस्खलन की चपेट में आने से चार बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई है जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बीती रात उस समय पेश आया जब एक ही परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इस बीच मकान पहाड़ी से हुए भूस्खलन की चपेट में आ गया।
मृतकों की पहचान ममता (27) पत्नी प्रदीप सिंह, इशिता (8) पुत्री प्रदीप सिंह, अलीशा (6) पुत्री प्रदीप सिंह, ऐरंग (2) पुत्री प्रदीप सिंह और आकांशिका (7) पुत्री तुलसी राम गांव खड़ेच के तौर पर हुई है। जबकि, प्रदीप सिंह गंभीर रूप से घायल है। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने मलबे के नीचे दबे लोगों को निकालने के प्रयास किए। तब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी थी। हादसे की पुष्टि एसडीएम शिलाई सुरेश सिंघा ने की है। उन्होंने बताया कि वह घटनास्थल पहुंच रहे हैं। राजस्व विभाग के अधिकारियों को मौके पर फौरी राहत देने के निर्देश दिए गए हैं।















