DNN मंडी
सराज विधानसभा क्षेत्र की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थुनाग में 19 वर्ष से कम आयु वर्ग की लड़कियों की खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए शिक्षा, कानून एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण व दूरदराज क्षेत्रों में गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने के लिए कृतसंकल्प है और इसके लिए हरसंभव बुनियादी सुविधाएं चरणबद्ध ढंग से उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी स्पर्धा या क्षेत्र में सम्मिलित होना ही महत्वपूर्ण है, जबकि हारना व जीतना उतना महत्व नहीं रखता है। उन्होंने छात्र खिलाडिय़ों से खेल को अनुशासन व खेल भावना से खेलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ओलम्पिक व एशियन खेलों में भारतीय लड़कियों ने ही भारत के लिए अधिक मैडल प्राप्त किए हैं, जो कि हम सभी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति का मानसिक, बौद्धिक व शारीरिक विकास करता है तथा सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल व सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेना जरूरी है । उन्होंने कहा कि शिक्षा के कारण ही मानव ने तरक्की की है, जिस कारण हम आज चांद के बाद अब मंगल ग्रह में पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष प्रदेश में 125 आईसीटीसी लैब खोले जायेंगे, जिसमें से पहली आईसीटीसी लैब राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थुनाग में खोली जा रही है। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में प्रदेश में 3 हजार स्कूलों में नर्सरी कक्षाएं खोली जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश में 6 नए केंद्रीय विद्यालय स्थापित किये जा रहे हैं, जिनमें से एक सराज विधानसभा क्षेत्र में खोला जाएगा।


















