DNN नाहन
24 अगस्त। हिमाचल प्रदेश के ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने कांग्रेस पर जुबानी हमला बोलते हुए जमकर निशाना साधा है। सुखराम चौधरी ने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता हिमाचल प्रदेश में सत्ता हथियाने के लिए अनाप-शनाप घोषणा कर रहे हैं। कांग्रेस की करनी और कथनी से जनता भलीभांति परिचित हैं। ऊर्जा मंत्री जिला मुख्यालय नाहन में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
सुखराम चौधरी ने कहा कि आज कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह कुछ बोलती है, तो वहीं नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री कुछ बोलते हैं। कांग्रेस के नेताओं के अलग-अलग घोषणा पत्र बन रहे है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने चुनाव के समय पहले भी कई घोषणाएं की और पहली कैबिनेट में उसे पास करने के दावे करते रहे, लेकिन प्रदेश में कई बार कांग्रेस की सरकार बनी। बावजूद इसके कोई भी घोषणा जमीनी स्तर पर नहीं उतर पाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं के अपने-अपने घोषणापत्र होते हैं। आज प्रदेश की जनता कांग्रेस नेताओं के बहकावे में नहीं आने वाली है। प्रदेश की जनता कांग्रेस के नेताओं की झूठी घोषणाओं से भलीभांति परिचित है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि निश्चित तौर पर आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रदेश में मिशन रिपीट करने जा रही है। सुखराम चौधरी, ऊर्जा मंत्री हिमाचल प्रदेश
इस दौरान ऊर्जा मंत्री ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सहित सिरमौर जिला में अभूतपूर्व विकास हुआ है।















