गौ-अभ्यरण्यों के माध्यम से बीस हजार मवेशियों को मिला संरक्षण: कंवर

Himachal News Kangra Others

DNN पालमपुर

07 अगस्त। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने जयसिंहपुर उपमंडल के कंगैहण में एक करोड़ साठ लाख से निर्मित काऊ सेंचुरी का शुभारंभ किया। इस काउ सैंचुरी में प्रारंभिक तौर पर 450 गौवंश के संरक्षण की व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि  कि गौ सेवा से बड़ी सेवा कोई नहीं है। हिमाचल प्रदेश के लिए बेसहारा पशु एक बहुत बड़ी समस्या बन गए थे तथा इसी सोच के कारण सरकार ने यह निर्णय लिया कि हिमाचल प्रदेश में काऊ सेंचुरीयों का निर्माण किया जाए जिससे पशुओं को किसी दुर्घटना का शिकार ना होना पड़े तथा उन्हें रहने के लिए एक ऐसी जगह उपलब्ध करवाई जाए जहां उन्हें रहने के साथ-साथ पीने का पानी तथा खाने के लिए घास की व्यवस्था आसानी से हो।
उन्होंने कहा कि जनवरी माह में कांगड़ा जिला के लुथान में गौ अभ्यारण्य का शुभारंभ किया गया है जिस पर करीब तीन करोड़ 96 लाख की राशि व्यय की गई है, लुथान में एक हजार गायों को रखने की क्षमता है। पंचायती राज मंत्री ने कहा कि सुलह के नागणी में भी एक करोड़ 17 लाख की लागत से काउ सेंचुरी निर्मित की जा रही है। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में काउ सेंचुरी के माध्यम से करीब 20 हजार मवेशियों का संरक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गौ सदनों को प्रति गाय 500 रुपये प्रति माह प्रदान कर रही है ताकि उनके लिए चारे की उचित व्यवस्था की जा सके।
उन्होंने राज्य के लोगों से यह सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया कि मवेशियों को बेसहारा नही छोड़ें और यदि कोई मवेशियों को सड़क पर घूमते हुए देखता है, तो उसे गौ अभ्यारण्यों और गौ सदनों में भेजा जाना चाहिए।
इससे पहले विधायक जयसिंहपुर रवि धीमान ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए कंगैहण में काउ सेंचुरी के निर्माण में सरकार द्वारा सहयोग देने पर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, सेवानिवृत कैप्टन उत्तम सिंह, ज्वाइंट डायरेक्टर पशु पालन विभाग रवि प्रकाश, उपनिदेशक पशु पालन विभाग  संजीव धीमान, भाजपा के मंडलाध्यक्ष राम रत्न सहित विभिन्न गणमान्य लोग उपस्थित थे।

News Archives

Latest News