SOLAN में पुलिस लाइन में होगी WWF प्रतियोगिता

Entertainment Solan Sports

DNN सोलन
परिवहन, वन तथा खेल मंत्री गोबिंद सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने, हिमाचल की प्रतिभाओं को तराश कर उचित मंच प्रदान करने एवं प्रदेश से प्रतिभा पलायन को रोकने के लिए नवीन प्रयास कर रही है। गोबिंद सिंह ठाकुर आज यहां 7 जुलाई, 2018 को सोलन में ‘ग्रेट खली दिलीप सिंह राणा द्वारा आयोजित की जाने वाली डब्ल्यू डब्ल्यू एफ फाईट प्रतियोगिता के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

गोबिंद सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार यह प्रयास कर रही है कि खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश में वर्षभर विभिन्न आयोजन करवाएं जाएं। उन्होंने कहा कि खेलों को प्रोत्साहित करने तथा हिमाचल की प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करने के लिए ऐसे आयोजन आवश्यक हैं जो विभिन्न खेलों में हिमाचली युवाओं को देश व अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाडिय़ों के साथ प्रतियोगिता करने का अवसर प्रदान करें। उचित अवसरों की कमी से प्रदेश से अनेक खेल प्रतिभाओं का पलायन हुआ है। खेल मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में हर माह विभिन्न खेल गतिविधियों को आयोजित करने पर विचार कर रही है। सरकार का प्रयास है कि सितंबर 2018 में खेलो हिमाचल नामक आयोजन किया जाए। इसी प्रकार विभिन्न महीनों में मौसम के अनुसार खेल आयोजित किए जाएं।

उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने ‘ग्रेट खली के आयोजन को 7 जुलाई को पुलिस लाईन्स सोलन के मैदान में आयोजित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि आयोजन की सफलता के लिए योजनाबद्ध कार्य सुनिश्चित बनाएं। इस आयोजन की टिकटें शीघ्र ही मिलनी आरंभ हो जाएगी। इस संबंध में उचित जानकारी शीघ्र प्रदान कर दी जाएगी।
गोबिंद सिंह ठाकुर ने कहा कि इस आयोजन के लिए शिमला, सोलन, सिरमौर तथा किन्नौर जिलों में व्यापक प्रचार एवं प्रसार किया जाना आवश्यक है। उन्होंने आयोजन स्थल पर भारी जनसमूह के दृष्टिगत पेयजल व्यवस्था, चिकित्सा व्यवस्था तथा अस्थाई शौचालय एवं स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि इस दिशा में विभिन्न विभागों को समन्वय स्थापित कर कार्य करना होगा। ‘ग्रेट खली के नाम से मशहूर दिलीप सिंह राणा ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना एवं उन्हें नशे के मकडज़ाल से बचाना है। उन्होंने कहा कि वे युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करना चाहते हैं। अब उनकी अपनी कुश्ती अकादमी वर्तमान में पंजाब में कार्यरत है। उपायुक्त सोलन विनोद कुमार ने 7 जुलाई के आयोजन के संबंध में जिला प्रशासन की तैयार की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

News Archives

Latest News