किसानों-बागवानों का नहीं समझा दर्द, अब जयराम सरकार की विदाई नजदीक : आप

Himachal News Others Sirmaur

DNN नाहन

29 जुलाई। हिमाचल प्रदेश में जैसे जैसे चुनावों का समय नजदीक आता जा रहा है, वैसे-वैसे राजनैतिक दल एक दूसरे पर आक्रामक होते दिख रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार दोपहर बाद जिला मुख्यालय नाहन में आम आदमी पार्टी किसान विंग के प्रदेश अध्यक्ष अनिन्द्र सिंह नौटी ने भी प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश की जयराम सरकार पर किसानों-बागवानों की अनदेखी करने के आरोप लगाए।
मीडिया से बात करते हुए आम आदमी पार्टी किसान विंग के प्रदेश अध्यक्ष अनिन्द्र सिंह नौटी ने प्रदेश की जयराम सरकार को किसान विरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि बीते दिन प्रदेश सरकार ने कैबिनेट की बैठक में सेब उत्पादकों को लेकर जीएसटी में रियायत देने की जो घोषणा की, वो ऊंट के मुंह में जीरे के समान है। उन्होंने कहा कि इन दिनों प्रदेश में सेब का सीजन चरम पर चला हुआ है। सेब के पैकेजिंग मैटीरियल के दामों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। किसान बुरी तरह से महंगाई से त्रस्त है। मंडियों में व्यवस्था की बड़ी कमी है। बागवान सड़कों के किनारे अपने उत्पाद बेचने को मजबूर है। ऐसे में किसानों-बागवानों को कैबिनेट की बैठक से राहत की जो उम्मीद थी, वो उन्हें नहीं मिली।
अनिन्द्र सिंह नौटी ने कहा कि केबिनेट की बैठक में मुख्यमंत्री ने यह भी ऐलान किया कि किसानों-बागवानों की समस्याओं के समाधान के लिए चीफ सेकेटरी की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया जाएगा, लेकिन जब तक इस कमेटी का गठन होगा, तब तक प्रदेश में सेब का सीजन भी समाप्त हो जाएगा। यहीं नहीं जब तक यह कमेटी इस संबंध में अपनी सिफारिशें सरकार को भेजेगी, तब तक हिमाचल प्रदेश से जयराम सरकार की विदाई हो चुकी होगी ओर आम आदमी पार्टी की सरकार चुनी जा चुकी होगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनते ही किसानों-बागवानों के लिए काम किया जाएगा ओर आप किसानों-बागवानों के लिए रिसर्च आधारित योजनाएं लेकर आएगी।
बाइट : अनिन्द्र सिंह नौटी, प्रदेश अध्यक्ष, किसान विंग आप
प्रेसवार्ता में अनिन्द्र सिंह नौटी ने यह भी कहा कि इससे पहले प्रदेश में यदि कांग्रेस ने भी किसानों-बागवानों का दर्द समझा होता, तो आज यहां के किसानों-बागवानों को परेशान न होना पड़ता। इस मामले में भाजपा-कांग्रेस दोनों का ही रिपोर्ट कार्ड शून्य रहा है।

News Archives

Latest News