DNN सोलन
राज्यस्तरीय शूलिनी मेले में इस बार झूलों के टेंडर आनलाइन हुए। जिसमें झूलों का टेंडर पिछली बार से 50 हजार रुपए ज्यादा गया। इस बार टेंडर 14 लाख 50 हजार में हुआ। इसके साथ ही नगर परिषद ने झूलों के लिए रेट भी तय कर दिए गए हैं, जिसमें बच्चों के 20 रुपए व बड़ों के लिए 30 रुपए रेट निर्धारित है। इससे अधिक रेट वसूलने पर नप द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर परिषद अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इस साल 14 लाख 50 हजार में टेंडर दिए गए हैं। झूले के रेट भी तय कर दिए हैं। मेले के दौरान पांच प्रकार के झूले लगाए जाएंगे, जिसमें एक बड़ा झूला, बच्चों के लिए छोटा झूला, जंपिग झूला, कार रेसिंग सहित अन्य छोटे झूले लगाए जाएंगे। बच्चों की सुरक्षा पर ध्यान देते हुए नप ने ठेकेदार को झूलों के सही रखरखाव को लेकर भी विशेष निर्देश दिए हैं, जिससे किसी अनहोनी घटना के होने से बचा जाए। साथ ही इस बार मेले के समापन के बाद ठेकेदार को झूलों को जल्द ही मैदान से हटाना होगा। अक्सर देखा जाता है कि मेले के कई दिन बीत जाने के बाद भी ठेकेदार द्वारा झूलों को नहीं हटाया जाता है। इसके लिए नप द्वारा भारी जुर्माना लगाने का प्रावधान भी किया है।


















