DNN कुल्लू
20 जून। हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम कुल्लू द्वारा जिला के बेरोजगार युवकों के लिये निगम द्वारा चलाये जा रहे कार्यक्रमों व योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से आज जिला में एक जागरूकता अभियान की शुरुआत हुई। इस जागरूकता अभियान के तहत अगले तीन दिन तक जिला के विकास खंडों की विभिन्न पंचायतों में फोक मीडिया के माध्यम से मन्नत कला मंच कुल्लू के कलाकार लोगों को जागरूक करेंगे।आज अभियान की शुरुआत में मन्नत कला मंच द्वारा कुल्लू विकास खंड की पीज पंचायत व कुल्लू बस स्टैंड तथा गीत संगीत कला मंच बंजार द्वारा बंजार विकास खंड की बंजार व देउठा पंचायतों में कार्यक्रम किये गए।
कार्यक्रम में मंच के कलाकारों नवनीत भारद्वाज, मान चंद ,ख़ूबराम, गोपाल, हीरा,अशोक,चंपा,आशा शर्मा, आदि ने उपस्थित लोगों का गीत संगीत से भरपूर मनोरंजन किया व नाटक के माध्यम से निगम के विभिन्न रोजगरोउन्मुख प्रशिक्षण कार्यक्रमों जिनमें पर्यटन और आतिथ्य,फैशन डिजाइनर,इलेक्ट्रॉनिक मुरम्मत,कंस्ट्रक्शन प्लम्बिंग, सौंदर्य सम्बंधी, मीडिया व मनोरंजन आदि के बारे में संपूर्ण जानकारी दी। आज हुए कार्यक्रम में कौशल विकास निगम कुल्लू के जिला समन्यवक सुनील कुमार,पीज पंचायत के प्रधान भुवनेश्वर ठाकुर,सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य सहित सभी अघ्यापक, कुल्लू बस अड्डा इंचार्ज टेक चंद सहित महिला व युवक मंडल के विभिन्न सदस्यों ने भाग लिया।
कौशल विकास निगम कुल्लू के जिला समन्यवक सुनील कुमार ने कार्यक्रम सम्बन्धित जानकारी देते हुए कहा कि राज्य के युवाओं को स्वरोजगार व रोजगार से जोड़ने हेतु सरकार ने हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम की स्थापना की है। इसके अंतर्गत केंद्र की प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना चलाई जा रही है। योजना के तहत युवाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम का उद्देश्य राज्य की युवा पीढ़ी (15-35 वर्ष) को रोजगार योग्य कौशल और आजीविका क्षमता को बढ़ाना है। ऐसे में वर्तमान दौर एवं भविष्य के मद्देनजर युवाओं को विभिन्न प्रशिक्षण प्रदान किए जा रहे हैं। इसके तहत युवा उद्यमी बन सकेंगे।















