DNN सोलन
18 जून हिमाचल प्रदेश पेंशनर और वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ नालागढ़ के साथ आज उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ महेन्द्र पाल गुर्जर की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया।बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के चिकित्सा बिलों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नालागढ़ में चिकित्सकों के रिक्त पदों, मिनी सचिवालय या नगर परिषद नालागढ़ के पास संघ को कार्यालय के लिए कमरा उपलब्ध करवाने, पुराने बस अड्डे के पास वर्षा शालिका बनाने, शस्त्र लाइसैंस का उपमण्डल स्तर पर भी नवीनीकरण करने, कोविड-19 महामारी के समय प्रदेश पथ परिवहन निगम के बंद पड़े बस रूटों को बहाल करने तथा नालागढ़ में बैंकों के माध्यम से ई-स्टाम्प पेपर उपलब्ध करवाने के बारे में विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ क्षेत्र में विभिन्न सड़कों और सम्पर्क मार्गों की मुरम्मत करने पर भी चर्चा हुई ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
महेन्द्र पाल गुर्जर ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक संघ ने लोगों के और वरिष्ठ नागरिकों के हित की समस्याएं उठाई हैं। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए सम्बन्धित विभागों को मामला प्रेषित किया जाएगा ताकि इन जायज समस्याओं का शीघ्र निदान हो सके।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ नालागढ़ इकाई के प्रधान नरेश घेयी, उप प्रधान अंजना शर्मा, इन्द्रजीत सिंह, जगातार सिंह राणा, बक्शी राम, महासचिव कैलाश राणा, मुख्य सलाहाकार मोहन लाल वर्मा, सलाहाकार निर्मल पुरी, कानूनी सलाहाकार अजमेर सिंह, तहसीलदार नालागढ़ निशा आज़ाद, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. करकरा, आयुर्वेदिक खण्ड स्वास्थ्य अधिकारी नालागढ़ डॉ. सुखविंदर कौर तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित थे।















