जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित

Himachal News Kullu Others

DNN कुल्लू

16 जून। जलोड़ी जोत से जिभी तक सड़क में लगातार उतराई के कारण वाहनों को हल्के गियर में और ब्रेक के सहारे चलाना कई बार जानलेवा बन जाता है। ब्रेक फेल होने के कारण इस मार्ग पर कई बार दुर्घटनाएं हुई हैं जिसमें वाहन चालकों की लापरवाही की रिपोर्ट सामने आई है। उपायुक्त ने वाहन चालकों से अपील की है कि इस मार्ग पर केवल पहले अथवा दूसरे गियर में ब्रेक का कम इस्तेमाल करके वाहन को चलाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बाहरी मैदानी राज्यों से आने वाले सैलानियों को इस प्रकार के मार्गों का अभ्यास नहीं होता और न ही पर्याप्त जानकारी होती है। उन्होंने संबंधित विभागों से इस मार्ग पर पहले गियर में उतराई में वाहन चलाने संबंधी साईन बोर्ड स्थापित करने को कहा। इसके अलावा इस मार्ग पर जहां क्रैश बैरियर नहीं लगे हैं अथवा कोई ब्लैक स्पॉट है तो तुरंत से इस कार्य को पूरा करने के लिये राष्ट्रीय राजमार्ग के अभियंताओं को निर्देश दिये। वह जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उपायुक्त ने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी और पुलिस विभागों से सड़क सुरक्षा के बारे में ग्रामीण स्तर पर जागरूकता शिविरों का आयोजन करने को कहा। उन्होंने कहा कि लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के बारे में पैम्फलेट व प्रचार समाग्री उपलब्ध करवाई जानी चाहिए। उन्होंने पुलिस विभाग को ब्लैक स्पॉट की सूचना उपलब्ध करवाने को कहा ताकि इन्हें दुरूस्त करने के लिये बजट का प्रावधान करवाया जा सके। उन्होंने पुलिस को विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने को भी कहा।
आशुतोष गर्ग ने यातायात पार्क तथा ड्राईविंग टेस्ट ट्रैक के निर्माण के लिये लगभग पांच बीघा भूमि की तलाश करने के लिये एसडीएम कुल्लू को कहा। उन्होंने कहा कि यह भूमि कुल्लू मुख्यालय के आस-पास होनी चाहिए क्योंकि यहां महीने में कई बार ड्राईविंग टेस्ट होते हैं। उन्होंने एसडीएम से नदियों के किनारे साईन बोर्ड जल्द स्थापित करने को कहा।
बैठक की कार्यवाही का संचालन क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी हेम चंद वर्मा ने किया। उन्होंने पिछली बैठक के एजेण्डा पर हुई कारवाई के बारे में भी अवगत करवाया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर चंद, एसडीएम मनाली डॉ. सुरेन्द्र ठाकुर, एसडीएम कुल्लू विकास शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी बैठक में उपस्थित रहेे।

News Archives

Latest News