DNN मण्डी
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में पर्यटन क्षेत्र को अधोसंरचना व अन्य सुविधाओं से सुदृढ़ करने को नई दिशा प्रदान करने के लिए हर सम्भव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से अनछुंए स्थलों को विकसित कर पर्यटकों को आकर्षित करने के प्रयास किए जा रहे हैं जिससे न केवल राज्य के राजस्व में वृद्धि होगी बल्कि इससे युवाओं को स्वरोज़गार के पर्याप्त अवसर भी उपलबध होंगे।
मुख्यमंत्री आज मण्डी जिले के सिराज विधानसभा क्षेत्र के बालीचौकी में उद्योग विभाग द्वारा आयोजित ‘हिम रेशम उत्सव’ के अवसर पर जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शिमला तथा चण्डीगढ़ के बीच हैली टैक्सी सेवा आरम्भ कर दी गई है और शीघ्र ही पर्यटकों की सुविधा के लिए मनाली से रोहतांग को हैली टैक्सी सेवा आरम्भ की जाएगी। इसी प्रकार पर्यटकों की सुविधा के लिए इस तरह की सेवा धर्मशाला से चम्बा व डलाहौजी तथा मनाली से चण्डीगढ़ के लिए भी आरम्भ करने के प्रयास किए जाएंगे।

















