DNN सराहां
26 मार्च। सिरमौर जिला के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न मांगों को लेकर आज ब्लाक कांग्रेस मंडल ने एसडीएम के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को एक ज्ञापन भेजा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर के नेतृत्व में कांग्रेस ने राज्यपाल को यह ज्ञापन भेजा।राज्यपाल को भेजे ज्ञापन में कांग्रेस ने कहा कि पच्छाद क्षेत्र के सड़कों की हालत दिन-प्रतिदिन खराब हो रही है। इससे हर रोज लोगों को अपने जान-माल का भारी नुकसान हो रहा है। इसमें नारग, ओच्छघाट मार्ग, मढ़ीघाट से नारग, जामन की सैर से ढंग्यार, काहन से मंडी खड़ाना, बागथन, गैथल भझेड़ सड़क का मुरम्मत कार्य अधूरा पड़ा है। डूंगाघाट से बागथन सड़क की हालत दयनीय स्थिति में है।वहीं कांग्रेस ने यह भी कहा कि पच्छाद क्षेत्र में गर्मी के आरंभ होने से पहले ही लोगों को पीने के पानी की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। उठाऊ पेयजल योजना बडू साहिब से सराहां, उठाऊ पेयजल योजना मछला से बनाह की सैर व मंडी खड़ाना में 8-8 दिन तक लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। उठाऊ पेयजल योजना गंदल से बनौना, मधेश, पजेली, डिंगर-किन्नर, खाल-दांवल में पानी सुचारू रूप से नहीं चल रहा है। उठाऊ पेयजल योजना कुज्जी-डिलमन का कार्य अधूरा पड़ा है।कांग्रेस ने ज्ञापन में कहा कि नारग कॉलेज को प्रदेश हाईकार्ट के आदेश के बावजूद सरकार खोलने में आनाकानी कर रही है। इससे छात्रों को सोलन व सराहां जाना पड़ रहा। सिविल अस्पताल सराहां में अल्ट्रासाऊंड मशीन न होने के कारण लोगों को नाहन व सोलन के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। पच्छाद क्षेत्र में लगभग 50 के करीब हैंडपंप राजनीति की भेंट चढ़ने के कारण खराब पड़े हैं।कांग्रेस ने कहा कि राजकीय माध्यमिक पाठशाला मंडी खड़ाना स्कूल का दर्जा बढ़ाने की घोषणा को 6 महीने अधिक का समय हो चुका हैं। मगर मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद आज तक नोटिफिकेशन जारी नहीं हुई है। इसकी नोटिफिकेशन जल्द से जल्द जारी की जाए, ताकि बच्चों को पढ़ाई के सात-आठ किलोमीटर का सफर तय न करना पड़े। नारग सब-डिविजन में एक एसडीओ, 6 जेई व 20 फिल्ड स्टाफ के पद रिक्त पड़े हैं, जिसे जल्द से जल्द भरा जाए।ब्लॉक कांग्रेस पच्छाद ने राज्यपाल से मांग की है कि वह इन कार्यों को पूर्ण करने के लिए प्रदेश सरकार को आदेश जारी करंे। अन्यथा पच्छाद कांग्रेस लोगों की भावनाओं को देखकर जगह-जगह पर धरने, प्रदर्शन व सड़कों पर रोष रैली निकालने पर मजबूर होगी।















