DNN नौहराधार
3 दिसम्बर। सिरमौर जिला की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार पर सीजन की दूसरी बर्फबारी होने के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। वहीं मैदानी इलाकों में भी हल्की बारिश होने से ठंड काफी अधिक बढ़ गई है।
दरअसल मौसम विभाग द्वारा हिमाचल प्रदेश के उंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी व मैदानों में बारिश की चेतावनी दी है, जो सटीक साबित हुई है। इसी बीच जिला की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार की मौसम ने ऐसा करवट बदला कि गुरुवार शाम करीब 7 बजे के बाद बर्फबारी का सिलसिला शुरू हुआ। शुक्रवार को चूड़धार में इस सीजन का दूसरा हिमपात दर्ज किया गया है। चूड़धार की चोटी ने सफेद चादर होड़ ली है। इससे क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बर्फबारी से मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्र नौहराधार, हरिपुरधार में जोरदार शीतलहर के साथ बारिश हुई। बर्फबारी से हुई ठंड से शुक्रवार को अधिकतर लोग घरों में ही दुबके रहे। चूड़धार में हुई बर्फबारी से जहां क्षेत्र में कंपकंपी ठंड बढ़ी है, तो वहीं ठंड से स्थानीय बाजारों में रौनक गायब रही।
गुरुवार रात से शुक्रवार दोपहर बाद तक चूड़धार की वादियों में बर्फबारी का दौर जारी रहा। अब तक चूड़धार में आधा फुट बर्फ गिर चुकी है। बर्फबारी से मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्र नौहराधार, संगड़ाह व हरिपुरधार में जोरदार शीतलहर के साथ बारिश हुई। अधिकतर लोगों ने हीटर व आग का सहारा लिया।
गौरतलब है कि बारिश से नौहराधार आदि क्षेत्रों में दिनभर बिजली की आंख मिचौली लगी रही। शुक्रवार को करीब दो घंटे लगातार बिजली गुल रही। इसके चलते दुकानदार व आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। चूड़धार में हुई बर्फबारी से जहां क्षेत्र में कंपकंपी ठंड बढ़ी है, तो वहीं ठंड से स्थानीय बाजारों में रौनक गायब रही। चार दिसंबर से होने वाली बूढ़ी दिवाली के अवसर पर व्यापारी जहां अच्छा व्यापार की आस लगाए बैठे थे, तो वहीं व्यापारियों को मंदी की मार झेलनी पड़ रही है।
कुल मिलाकर चूड़धार में हुई इस सीजन की दूसरी बर्फबारी से क्षेत्र के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को नौहराधार का अधिकतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं चूड़धार में माइनस डिग्री तापमान रिकॉर्ड दर्ज किया गया।