डीएनएन दाड़लाघाट
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डा. राजीव सैजल ने कहा कि वर्तमान सरकार यह सुनिश्चित बनाएगी कि प्रदेश के सभी गांवों का संतुलित विकास हो, निर्धन एवं कमजोर वर्गों का आर्थिक सशक्तिकरण हो तथा लोगों को बेहतर रोजगार एवं स्वरोजगार मिले। डॉ. सैजल सोलन डिस्ट्रिक्ट ट्रक ऑपरेटर्ज कॉ-ऑपरेटिव सोसायटी (एस.डी.टी.ओ.) तथा अर्की तहसील ट्रक ऑपरेटर्ज यूनियन द्वारा आयोजित 24वें देव समागम एवं वार्षिक समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने इस अवसर पर उपस्थित देवताओं के समक्ष शीश नवाया और प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि, शांति एवं प्रसन्नता की कामना की।
डॉ. सैजल ने कहा कि लोकतंत्र में लोगों का यह अधिकार है कि उन्हें सरकार के माध्यम से न केवल कल्याणकारी योजनाओं के लाभ प्राप्त हों बल्कि इन योजनाओं से आर्थिकी भी मज़बूत बने। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार तथा प्रदेश की सरकार मिलकर यह सुनिश्चित बनाएगी कि हिमाचल वासियों को सभी स्तरों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ सबका विकास ही वर्तमान प्रदेश सरकार का उद्देश्य है।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा अराजकता के माहौल को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। सत्ता संभालते ही प्रदेश सरकार ने सर्वप्रथम सामाजिक सुरक्षा पैंशन के लिए वरिष्ठ नागरिकों की आयु सीमा को 80 से घटाकर 70 वर्ष किया। इससे प्रदेश के अनेक वरिष्ठ नागरिक लाभान्वित हुए हैं। केंद्र सरकार ने प्रदेश के लिए 62 नए राष्ट्रीय उच्च मार्ग स्वीकृत किए हैं। इन सभी उच्च मार्गों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट शीघ्र तैयार की जा रही है। सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रदेश में उद्योगों की स्थापना एवं स्थानीय वासियों को रोजग़ार एवं स्वरोजग़ार उपलब्ध करवानेे में यहां कार्यरत ट्रक आपरेटर संघों का सराहनीय योगदान रहा है। उन्होंने आशा जताई कि ट्रक यूनियनें भविष्य में भी विभिन्न नियमों के पालन एवं राज्य सरकार के सहयोग से प्रदेश के विकास में अपना पूर्ण योगदान देती रहेंगी।
डॉ. राजीव सैजल ने देव समागम के नियमित 24वें आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह हमारी समृद्ध पहाड़ी संस्कृति का अधार है। उन्होंने कहा कि देव पर पराएं तथा प्राकृतिक सौन्दर्य हमारी पहचान है एवं इस धरोहर को अक्षुण्ण रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि समय के साथ पर पराएं भी बदल रही हैं तथा हितकारी पर पराओं को यथावत रखने के लिए एकजुट होकर कार्य करना होगा।
उन्होंने कहा कि दाड़लाघाट क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट नगर स्थापित करने के लिए भूमि संबंधी विभिन्न औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा करने के लिए उपायुक्त सोलन को निर्देश दिए जाएंगे। इस कार्य के लिए धन की कोइ कमी नहीं होने दी जाएगी। डॉ. सैजल ने इस अवसर पर प्रेस क्लब अर्की को अपनी एच्छिक निधि से 31,000 रुपए प्रदान करने की घोषणा की। एस.डी.टी.ओ. के अध्यक्ष रतन मिश्रा ने वन मंत्री का स्वागत किया तथा क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट नगर स्थापित करने की मांग की। डॉ. सैजल ने इस अवसर पर जन समस्याएं सुनीं तथा अधिकांश का मौके पर ही निपटारा सुनिश्चित बनाया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।















