6 फायर टैंडर, 3 घंटे की कड़ी मशक्कत तब कहीं पाया आग पर काबू 

Crime Nalagarh

डीएनएन नालागढ़  (रेखा शर्मा)

नालागढ़-स्वारघाट मार्ग पर स्थित दत्तोवाल में नवकार फोम व फर्नीचर शॉरूम में अचानक आग लगने से लाखों रूपये का सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी भयंकर थी कि चारों तरफ धूएं के गुबार और लपटें उठती रही। दमकल विभाग के 6 फायर टैंडरों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आगजनी की सूचना मिलते ही डीएसपी अनिल वर्मा व प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार एचसी कश्यप ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। आगजनी की इस घटना में करीबन 25 लाख रूपये का प्रारंभिक नुकसान आंका गया है।  जानकारी के मुताबिक वीरवार सुबह करीब 11.30 बजे नवकार फोम व फर्नीचर शोस्म में के बेसमेंट में अचानक आग लग गई। आगजनी की इस घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मंच गई। जिस समय यह हादसा पेश आया शोरूम में करीबन आधा दर्जन से अधिक लोग काम कर रहे थे। आग की लपटें उठती देख काम कर रहे कारीगर जान बचाने के लिए  शोरूम से भागे। आगजनी की सूचना तुरंत दमकल विभाग नालागढ़ को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग के फायर ऑफिसर हितेंद्र कंवर अपनी टीम व दो फॉयर टैंडरों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया। फर्नीचर हाऊस में आग के रौद्र रूप के चलते दमकल विभाग बद्दी से भी दो फायर टैंडर आग को काबू करने के लिए बुलाने पड़े।

शोरूम के बेसमेंट में आग लगी होने के कारण दमकल विभाग को खासी मुसीबतों से जूझना पड़ा। कई जगहों से दिवारें तोड़कर बेसमेंट में पानी की बौछार की गई। नवकार फर्नीचर के मालिक दीपक जैन ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। आगजनी के चलते बेसमेंट में फॉम के गद्दे और फर्नीचर समेत लाखों रूपये का तैयार माल जलकर राख हो गया।  फायर ऑफिसर हितेंद्र कंवर ने बताया कि जैसे ही दमकल विभाग नालागढ़ को आग लगने की सूचना मिली, तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाब कार्य शुरू किया गया। तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद 6 फायर टैंडरों की मदद से भीषण आग पर काबू पाया गया। बेसमेंट में आग लगने के चलते दमकल कर्मियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और दिवारें तोड़कर अंदर पानी की बौछार की गई। फॉम और लकड़ी होने के चलते आग पर काबू पाना आसान नहीं था। उन्होंने बताया कि बीते 5 वर्षों में 6 दर्जन से अधिक उद्योग आगजनी की भेंट चढ़ चुके हैं। आगजनी के मामलों में अकसर पहले से सुरक्षा प्रबंध नहीं होते जिसके कारण ज्यादा नुकसान होता है।

News Archives

Latest News