डीएनएन परवाणू
फोरलेन निर्माण में कार्य कर रहे मजदूर कितने सुरक्षित है। इसका जायजा लेने के लिए स्वीडन के लोग सोलन पहुंचे और उन्होंने इसकी जांच की। परवाणू से सोलन फोरलेन निर्माण कार्य में जुटे मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए बिल्डिंग वुड इंटरनेशनल संस्था की स्वीडन से आई टीम ने मंगलवार को दौरा किया व परवाणू से धर्मपुर तक मजदूरों से बात कर उनके अनुभव जाने। टीम ने कार्यस्थल पर मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था जायजा लिया और इसके प्रति मजदूरों को भी जागरूक किया।
बिल्डिंग वुड इंटरनेशनल मजदूरों की सुरक्षा के लिए बनी एक अंतरराष्ट्रीय संस्था है, जोकि वैश्विक स्तर पर मजदूरों की सुरक्षा व निर्माण कंपनियों पर नजर रखती है। ऑल हिमाचल पीडब्ल्यूडी मजदूर यूनियन (इंटक) इसी संस्था से पंजीकृत है।
मंगलवार को परवाणू बाईपास के नजदीक प्रदेश इंटक के महासचिव व नगर परिषद परवाणू के अध्यक्ष ठाकुर दास शर्मा की अगुआई में जिला सोलन इंटक अध्यक्ष व फोरलेन मजदूर यूनियन के अध्यक्ष सुरजीत राणा, युवा इंटक के प्रदेश उपाध्यक्ष सौकृत कुमार, प्रदेश सचिव प्रेम लाल भाटिया, जिला महासचिव हीरा लाल, जिला उपाध्यक्ष मनोज कुमार ने टीम का स्वागत किया। टीम में स्वीडन से आए डेलिगेट निकल्स एन्स्त्रोम, जोंस एनिक्सेन, साउथ एशिया के पॉलिसी ऑफिसर राजीव शर्मा व साउथ एशिया के प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेटर जेएल शर्मा शामिल हैं। सुरजीत राणा ने टीम को बताया कि फोरलेन निर्माण कार्य में जुटे लगभग 550 मजदूरों में से 400 का पंजीकरण कर दिया गया है। पंजीकृत मजदूरों को भवन निर्माण एवं कामगार कल्याण बोर्ड द्वारा कई तरह की सुविधाएं प्रदान की गई हैं।