डीएनएन सोलन
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि विधायकों की सुविधा के लिए प्रदेश विधानसभा में शीघ्र ही संदर्भ अनुभाग स्थापित किया जाएगा। डा. बिंदल यहां जनसमस्याएं सुनने के उपरांत लोगों को संबोधित कर रहे थे।
बिंदल ने कहा कि विधायिका नियमों को बनाने, संवारने तथा प्रदेश के विकास के लिए उचित निर्णय लेने में सर्वाधिक महत्वपूर्ण है। प्रदेश विधानसभा में आयोजित की जाने वाली स्वस्थ चर्चा ही श्रेष्ठ नियमों को बनाने में कारगर सिद्ध होती है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं गुणवत्तायुक्त चर्चा के लिए यह आवश्यक है कि विधायकों को आवश्यक संदर्भ प्राप्त हो सकें। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए विधानसभा में शीघ्र ही संदर्भ अनुभाग आरंभ किया जाएगा। यहां विधायकों को किसी भी विषय की जानकारी शीघ्र अति शीघ्र प्रदान करने की व्यवस्था की जाएगी।
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि आम जन की समस्याओं को शीघ्र सुलझाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सोलन स्थित क्षेत्रीय अस्पताल की विभिन्न समस्याओं के शीघ्र निवारण के लिए वे प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री विपिन परमार से आग्रह करेंगे।
उन्होंने उपायुक्त सोलन को निर्देश दिए कि सोलन की विभिन्न समस्याओं को सुलझाने के लिए योजनाबद्ध कार्य करें। उन्होंने ऑटो रिक्शा चालकों की मांग पर उपायुक्त सोलन को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्ग के फोरलेन होने के उपरांत ऑटो खड़ा करने की जगह निर्धारित करने के लिए सभी संबंधित पक्षों से विचार-विमर्श करें। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि सोलन-सुबाथु मार्ग की मरम्मत शीघ्र की जाए। उन्होंने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए कि सोलन में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए तथा नशे के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने कहा कि सोलन-राजगढ़ मार्ग पर समुचित पार्किंग की व्यवस्था किया जाना आवश्यक है।
















