डीएनएन चौपाल (शिमला)
नेरवा के शामठा-टिकरी मार्ग पर शुक्रवार रात को एक कार खाई में गिर गई। घटना में 2 युवकों की मौत हो गई, जबकि एक घायल हुआ। बताया जा रहा है कि हादसा तब हुआ जब कार में सवार युवक अपने किसी पहचान वाले को टिकरी छोड़ कर वापस नेरवा की ओर आ रहे थे। इस दौरान सगरौठी से करीब एक किलोमीटर पहले ही यह दुर्घटनाग्रस्त हो कर करीब सौ मीटर नीचे सगरौठी नाले में जा गिरी। दुघर्टना का पता सुबह उस समय चला जब दुघर्टना में घायल एक युवक किसी तरह सुबह के समय नेरवा पांवटा मार्ग पर पहुंचा व वहां पर फेडिजपुल की तरफ से आ रहे एक वाहन में लिफ्ट लेकर अपने घर द्वाड़ा पहुंचा। घायल युवक के परिजनों ने शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे दुर्घटना की सूचना नेरवा थाने में दी। पुलिस दल जब तक दुर्घटना स्थल पर पंहुचा तब तक गाड़ी चालक व एक अन्य युवक की मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान बवेश आयु 23 वर्ष निवासी नेरवा व वीरेंद्र आयु 20 वर्ष के रूप में हुई है, जबकि सुरेश घटना में घायल हुआ है। घायल को नेरवा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया है व मृतकों के शवों का नेरवा अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया व शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। नायब तहसीलदार नेरवा एम आर चौहान ने प्रशासन की तरफ से मृतकों के परिजनों को 10-10 हजार व घायल को पांच हजार रुपए बतौर फौरी राहत प्रदान किए। डीएसपी चौपाल संतोष शर्मा ने घटना की पुष्टि की है।















