तो इस क्षेत्र में रूस की सहायता लेगा हिमाचल

Himachal News Others Politics

डीएनएन शिमला
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल सरकार पर्यटन के विकास तथा जल संरक्षण के क्षेत्रों में रूसी सरकार के साथ कार्य करने पर विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार निवेश, तकनीक, सड़क अधोसंरचना तथा सांस्कृतिक क्षेत्र में भी रूसी सरकार से सहायता लेगी। मुख्यमंत्री ने यह बात रूस से आए ब्रीक्स अंतरराष्ट्रीय मैत्री प्रतिनिधिमण्डल के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। ठाकुर ने कहा कि किसानों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए वर्षा के जल संरक्षण की आवश्यकता है, जिससे मिट्टी के बहने पर भी रोक लग सके। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों के लिए आपार संभावनाएं हैं तथा इस दिशा में सभी संभव प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में केन्द्र सरकार की 69 सड़क परियोजनाओं से अब 2-3 वर्षों में यह कार्य आसानी से पूरे हो सकेंगे। मुख्यमंत्री ने इन क्षेत्रों में रूस की विशेषज्ञता की सहायता से आने वाले समय में प्रदेश के लाभान्वित होने की आशा जताई है। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री महेन्द्र सिंह ठाकुर ने चैक डैम के माध्यम से वर्षा जल संग्रहण पर बल दिया, ताकि किसानों व बागवानों की सिंचाई जरूरतों के लिए पानी की आपूर्ति की जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि किसान अपनी आय बढ़ाने के लिए कृषि के साथ बागवानी भी अपनाएं। ब्रीक्स अन्तरराष्ट्रीय मैत्री (रूस) प्रधान लरीसा जेनेटेस्लोवा ने इससे पूर्व मुख्यमंत्री को बताया कि रूसी सरकार पर्यटन, सड़क सम्पर्क, रोपवे तथा सांस्कृतिक जैसे विभिन्न क्षेत्रों में हिमाचल प्रदेश के साथ कार्य करने को सहमत है। मुख्य सचिव विनीत चौधरी, अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं मुख्यमंत्री की प्रधान सचिव मनीषा नंदा, स्वास्थ्य सचिव श्री देवेश कुमार, ब्रीक्स अन्तरराष्ट्रीय मैत्री (रूस) उप-प्रधान यूलिया इगोरोवा, प्रबन्ध निदेशक (भारत) श्री संजय कपूर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में उपस्थित थे।

News Archives

Latest News