डीएनएन सोलन
लंबे समय से बारिश न होने के कारण सोलन में फिर से पीलिया का खतरा मंडराने लगा है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अल्र्ट जारी कर दिया है। विभाग द्वारा इस बीमारी से निपटने के लिए जिला के अस्पतालों व स्वास्थ्य केंद्रों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
मौसम के चलते अब पीलिया जैसी बीमारी फैलने की संभावना बढ़ गई है, जिसके चलते स्वास्थ्य विभाग द्वारा जगह-जगह पानी के सैंपल भरे जा रहे हैं। हालांकि अभी तक अस्पताल में कोई भी पीलिया का मामला सामने नहीं आया है।
मौसम बदलने के चलते अब इस बीमारी के फैलने का डर अधिक है, जिसके लिए विभाग द्वारा लोगों से पानी की टंकियों को साफ करने का आग्रह किया है। विभाग द्वारा बीमारी से निपटने के लिए जगह-जगह जागरूकता शिविरों का भी आयोजन किया जा रहा है, ताकि लोग इस बीमारी की चपेट में आने से बच सकें। गौर रहे कि बीते वर्ष सोलन जिला को पीलिया की बीमारी ने बुरी तरह से जकड़ लिया था।
जिला चिकित्सा अधिकारी एनके गुप्ता ने कहा कि पीलिया को लेकर विभाग ने अलर्ट जारी किया है। पानी के सैंपल भरे जा रहे हैं साथ ही लोगों को इस बीमारी से बचने के लिए जागरूक किया जा रहा है, अभी तक जिला में पीलिया का कोई मामला नहीं है।















