48 घंटे में सुलझी रूखड़ी में हुए मर्डर की गुत्थी, आरोपी को यूपी से धर दबोच लाई सिरमौर पुलिस

Crime Others Sirmaur

DNN नाहन (सिरमौर)

13 अप्रैल। जिला पुलिस सिरमौर ने 48 घंटे के भीतर रुखड़ी में हुए मर्डर की गुत्थी सुलझाई है। पुलिस ने आरोपी को यूपी से गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार दोपहर बाद एसपी सिरमौर डा. केसी शर्मा ने पत्रकारवार्ता में इस हत्याकांड की गुत्थी को लेकर विस्तार से जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी दशरथ ने अपने ही दोस्त मान सिंह को उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध होने के शक के आधार पर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने जिस गंडासे से बेरहमी के साथ मान सिंह की हत्या की थी, उस तेजधार हथियार को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। एसपी सिरमौर ने हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने पर संबधित पुलिस टीम को बधाई भी दी है।
मीडिया को मामले की जानकारी देते हुए 10 अप्रैल की रात्रि 11 बजे पांवटा साहिब हाइवे पर रूखड़ी के साथ निर्माणाधीन होटल के सामने आरोपी दशरथ ने मान सिंह की हत्या कर दी थी। 11 अप्रैल की सुबह जीतू नाम के शख्स की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस ने नाहन पुलिस थाना के एसएचओ मानविंद्र ठाकुर के नेतृत्व में 5 सदस्यों की पुलिस टीम का गठन किया, जिसमें एएसआई हेम प्रकाश, आरक्षी राजेश कुमार, साइबल सेल नाहन के आरक्षी अमरेंद्र सिंह व नितिश शर्मा शामिल थे। मृतक मान सिंह यूपी के हाथरस का रहने वाला था और इसी के गांव के रहने वाले दशरथ ने हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। इन्हीं दोनों के एक अन्य साथ जीतू जोकि चश्मदीद गवाह था, से पूछताछ के आधार पर पुलिस टीम को तुरंत यूपी की तरफ रवाना कर दिया गया था। एसपी ने बताया कि गंडासे से हत्या कर आरोपी दशरथ ने संबंधित हथियार मौके पर ही फैंक दिया और मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया। आरोपी बेहद की शातिर था। उसने अपना मोबाइल फोन व सिम भी बदल दिया था, लेकिन पुलिस टीम ने होशियारी व सुझबूझ से काम किया। दो दिन तक आरोपी का पीछा किया और 48 घंटों के अंदर आरोपी को कांसगज यूपी से गिरफ्तार कर पुलिस रातोंरात सफर करके आरोपी को आज सुबह नाहन थाना ले आई। एसपी ने बताया कि हत्याकांड की वजह दशरथ को मृतक मान सिंह पर उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध होने का शक था।

News Archives

Latest News