DNN कुल्लू
18 फरवरी। हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा संचालित कौशल विकास निगम के तत्वावधान में आज कुल्लू में दो दिवसीय परामर्श सत्र का आयोजन किया गया। सत्र में लगभग 200 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कौशल प्रशिक्षण का यह कार्यक्रम वर्ष 2020-21 के लिए प्रदेश के 15 महाविद्यालयों में चलाया गया है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए कार्यक्रम समन्वयक प्रो. डाॅ. दिनेश सिंह ने कहा कि कुल्लू महाविद्यालय में कौशल कार्यक्रम के तहत दो पाट्यक्रम चलाए जाएंगे जिनमें पहला सोशल मीडिया मैनेजमेंन्ट और अकाउन्टस एक्जीक्यूटिव शामिल हैं। इसके तहत अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को एक निश्चित समय के लिए पढ़ाई के साथ कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसकी नियमित कक्षाएं कालेज में ही लगेंगी।
डाॅ. दिनेश ने कहा कि एशियाई विकास बैंक द्वारा वित्तपोषित यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क रहेगा। एक निश्चित अवधि तक प्रशिक्षण के बाद उन्हें प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। बाद में कैम्पस रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे जिनमें विद्यार्थियों को विभिन्न कंपनियों में रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। इसके अलावा विद्यार्थी अपना रोजगार भी शुरू कर सकते हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को रोजगार परक बनाना है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण और इससे जुड़ें विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्रदान की।
कालेज की प्राचार्या बंदना वैद्य ने कहा कि आज के समय में प्रत्येक व्यक्ति के पास कोई न कोई हुनर होना जरूरी है ताकि वह अपनी आजीविका अर्जित करने के लिए सक्षम बन सके।
कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के जिला समन्वयक सुनील तोमर, फोकल स्किल डेवेलपमेन्ट प्राईवेट लिमिटेड के पदाधिकारी और प्रशिक्षकों के अलावा महाविद्यालय के प्राध्यापक प्रो. आर.के. सिंह, ओम प्रकाश ठाकुर, खेम चंद, कुलदीप सिंह और सुमित ठाकुर भी उपस्थित रहे।















