वीरेन्द्र कंवर ने बंगाणा में सड़क सुरक्षा जागरुकता को दिखाई हरी झंडी

Others Una
DNN ऊना
16 फरवरी। ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, मत्स्य व पशुपालन मंत्री वीरेन्द्र कंवर ने  बंगाणा में सड़क सुरक्षा माह के तहत जागरुकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बंगाणा में जाकर संपन्न हुई। इससे पहले कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान वीरेन्द्र कंवर ने कहा कि नियमों की पालना जीवन का हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि नियम न मानने के कारण ही सड़क पर दुर्घटनाएं होती हैं जिसमें 18 से 40 वर्ष की आयुवर्ग के अधिकतर युवा मौत का शिकार बनते हैं।
वीरेन्द्र कंवर ने कहा कि सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा के लिए सभी भागीदार बनें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि चैपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट और दोपहिया वाहन चलाते समय हैल्मेट का प्रयोग करना चाहिए। क्षमता से अधिक तथा ओवरस्पीड नहीं करनी चहिए। मंत्री ने कहा कि अधिकतर दुर्घटनाएं ओवरस्पीड करने तथा ट्रैफिक नियम न मानने के कारण होती हैं। उन्होंने परिवहन विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा माह आयोजित किया जाना एक सार्थक पहल है तथा इस अभियान में सभी हितधारकों की भागीदारी सुनिश्चत की गई है।
ग्रामीण विकास मंत्री वीरेन्द्र कंवर ने कहा कि नियमों की अवहेलना प्रतिष्ठा का सवाल नहीं हो सकता तथा इससे बहुमूल्य जान की हानि होती है। अनेकों व्यक्ति मौत के मुंह में चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक नियमों का पालन करके ही दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को परिवहन विभाग के अधिकारियों ने सड़क नियमों को मानने के लिए प्रेरित किया और बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने पर पुलिस विभाग द्वारा कोई पूछताछ नहीं की जाती और न ही मददगार व्यक्ति को कोर्ट कचहरी के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
इस कार्यक्रम में एसडीएम बंगाणा विशाल शर्मा, जिला भाजपाध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा, मुच्छाली पंचायत प्रधान विजय शर्मा, उपप्रधान अजय शर्मा, हिमफैड के निदेशक चरणजीत शर्मा, रोड सेफ्टी क्लब के सतीश धीमान, पंचायत समिति सदस्य जोगेन्द्र देव आर्य, रावमापा बंगाणा के प्रधानाचार्य सुरेश कुमार, आरटीओ रमेश चंद कटोच, एआरटीओ राजेश कौशल सहित परिवहन विभाग के विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।
सड़क सुरक्षा माह का समापन्न आज
सड़क सुरक्षा माह का समापन्न बुधवार को होने जा रहा है। 18 जनवरी से शुरू हुए माह का समापन्न समारोह जिला परिषद सभागार में दोपहर 2 बजे आयोजित किया गया। जिसमें उपायुक्त ऊना राघव शर्मा मुख्यतिथि होंगे।

News Archives

Latest News