DNN जाबली(सोलन) (जयदेव अत्रि)
09 जनवरी। जिला सोलन में लगातार मृत मुर्गों के फेंके जाने का सिलसिला जारी हैं। चौथे दिन हाई-वे किनारे सनवारा भारी मात्रा में मृत मुर्गे फेंके पाए गए है। इस बात की सूचना मिलने के बाद धर्मपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई है। हालांकि, प्रारम्भिक जांच में पता चला है कि यह फेंके गए मृत मुर्गे काफी पुराने है, लेकिन विभाग द्वारा सैम्पल लेने के बाद रिपोर्ट आने पर ही हर एक बात का खुलासा हो सकेगा। बरहाल, लगातार इस प्रकार से मृत मुर्गे मिलने के कारण हड़कम्प मचा हुआ है। एक ओर जहां बर्ड फ्लू के खतरे को लेकर हिमाचल अलर्ट है, वहीं बार-बार इस प्रकार मृत मुर्गों के फेंके जाने से चिंता बढ़ती जा रही है।
उधर, बीते तीन दिनों में भरे गए मृत फेंके गए मुर्गों के सैम्पल की रिपोर्ट आना बाकी है, लेकिन फिर चौथी बार मृत मुर्गे मिलना बड़े प्रश्न खड़े कर रहा है।
जानकारी के अनुसार कालका-शिमला नेशनल हाई-वे पांच पर सनवारा रेलवे फाटक के समीप लगातार चौथे दिन लगभग 100 से अधिक मुर्गे फिर फेंके पाए गए है। अधिक मात्रा में गिरे मुर्गे जैसे ही स्थानीय लोगों ने देखे तो लोगों ने इसकी जानकारी तुरन्त स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है।
गौरतलब हो कि बुधवार से लगातार किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हाई-वे किनारे मृत मुर्गे फेंके जा रहे है। बुधवार व गुरूवार को परवाणू के साथ लगते चक्की मोड में भारी मात्रा में मृत मुर्गे फेंके गए। इसके बाद शुक्रवार को सोलन-कुमारहट्टी बायपास पर टनल के कुमारहट्टी पोर्टल के समीप मृत मुर्गे फेंके पाए गए है और शनिवार को भी हाई-वे किनारे सनवारा में लगभग 100 मुर्गे फिर मृत मिले है।
पशु पालन विभाग की जिला स्तरीय रैपिड एक्शन टीमें मौके पर पहुंच रही है और सैम्पल एकत्र करेंगी। यह सैम्पल भी जांच के लिए जालन्धर लैब में भेजे जाएंगे। रिपोर्ट आने के बाद ही हर बात का खुलासा हो सकेगा।
थाना प्रभारी धर्मपुर दयाराम ठाकुर का कहना है कि टीम को मौके पर भेजा गया है। फेंके गए यह मृत मुर्गे देखने में काफी पुराने लग रहे है, लेकिन सैम्पल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इसका पता चल पाएगा।















