थाना कलां में खुलेगा टेलीमेडिसन केंद्र, प्रदेश में 5 सेंटर बनाने पर विचार

Others Una
DNN ऊना
11 दिसंबर। ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा है कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के तहत थाना कलां में टेलीमेडिसन सेंटर खोला जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के निवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जा सकें। उन्होंने कहा कि टेलीमेडिसन सेंटर के माध्यम से विशेषज्ञ डॉक्टर अपनी सलाह मरीजों को देंगे, ताकि उनका अच्छा मिल सके।
वीरेंद्र कंवर ने कहा कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 5 ऐसे टेलीमेडिसन केंद्र खोलने का विचार है। सारा कार्य ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से किया जाएगा तथा इसमें कॉरपोरेट घरानों की भी मदद ली जाएगी। केंद्र में स्टाफ ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की ओर से नियुक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों में बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है तथा इसी कड़ी में ऐसे 5 टेलीमेडिसन सेंटर खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस योजना को सिरे चढ़ाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है तथा जल्द ही इसे धरातल पर उतारा जाएगा।
ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि गांवों में आधारभूत ढांचा मजबूत किया जा रहा है। चाहे एंबुलेंस रोड बनाने की बात हो, आधुनिक मोक्षधाम, शौचालय, पक्के रास्ते बनाने हों, मनरेगा के तहत करोड़ों रुपए खर्च किया जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी सुदृढ़ हो रही है तथा लोगों को अपने घरों के समीप रोजगार के अवसर भी उपलब्ध हो रहे हैं।

News Archives

Latest News