38 गोवंश की टैगिंग सुनिश्चित बनाए पशुपालन विभाग, सड़कों पर न हो एक भी बेसहारा जानवर

Kullu Others

DNN कुल्लू

9 दिसम्बर। शिक्षा व कला, भाषा एवं संस्कृति मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने पशुपालन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई एक भी निजी गाय अथवा बैल बिना टैग के न हो। टैगिंग का कार्य विभाग युद्ध स्तर पर करें। वह आज मनाली में गौसदनों की स्थिति को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
गोविंद ठाकुर ने कहा कि सर्दियों का मौसम है और इस दौरान घरों से बाहर सड़कों पर गौवंश सुरक्षित नहीं है। प्रायः देखने में आता है कि लोग यहां तक कि टैग लगे गोवंश को भी बेसहारा छोड़ देते हैं। ऐसा करना कानून के विरूद्ध ही नहीं, बल्कि पाप भी है। उन्होंने कहा कि हिन्दु धर्म में गाय की पूजा की जाती है। दूधारू न रहने की स्थिति में इन्हें बेसहारा छोड़ देना सही नहीं हैं। उन्होंने इस बारे लोगों में व्यापक जागरूकता उत्पन्न करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गौसदनों के निर्माण को लेकर संवेदनशील है। सभी ग्राम पंचायतों को इस पुण्य के कार्य के लिए आगे आना चाहिए।
गोविंद ठाकुर ने कहा कि वर्तमान में जिला में करीब 1500 गोवंश को आश्रम देने के लिए गौसदनों की उपलब्धता है। दिनोदिन बढ़ती गौवंश की संख्या के चलते अधिकांश गौसदनों में क्षमता से अधिक जानवरों को रखना पड़ रहा है। मनाली के समीप रांगड़ी गौसदन पर चर्चा करते हुए कहा कि इसकी क्षमता 230 के करीब है और यह काफी बड़ा गौसदन है। उन्होंने नगर परिषद मनाली से कहा कि गौसदन के रखरखाव व गोवंश की व्यवस्था के लिए प्रयास करें। मंत्री को अवगत करवाया गया कि इस गौसदन में सर्दियों के दौरान क्षमता से ज्यादा गायों के होने के कारण काफी मुश्किल आ रही है।
उन्होंने कहा कि लोगों को गौवंश के प्रति संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। उन्होंने स्वयं सेवी संस्थाओं, पंचायती राज संस्थानों व आम लोगों से विशेष अपील की है कि गौवंश की सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास करें और यथाक्षमता गौ सदनों में चारा अथवा दान भी दें।
गोविंद ठाकुर ने कहा कि सैंज बिहाली में गौ-अभ्यारण के लिए 193 बीघा भूमि चयनित की गई जहां 350 गोवंश को आश्रय मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर गौवंश की सुरक्षा को लेकर सवेदनशील है और प्रदेश को 2022 तक बेसहारा पशुमुक्त करने की उन्होंने घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए जिला में सभी प्रकार के प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि आनी उपमण्डल में दलाश तथा लगोटी में दो गौसदन निर्माणाधीन हैं।नगर परिषद की अध्यक्ष नीना ठाकुर, एसडीएम रमन घरसंगी व विभिन्न विभागों के अधिकारी बैठक में मौजूद रहे।

News Archives

Latest News