कोविड-19 की निगरानी के लिए गठित की गई हैं अनेक टीमें

Kullu Others

DNN  कुल्लू

7 दिसंबर। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने सोमवार को शिमला से जिला उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों, एसडीएम, बीडीओ, तहसीलदारों के साथ कोविड-19 से निपटने के लिए किए जा रहे प्रबंधों की वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की। उन्होंने इस दौरान होम आईसोलेशन पर कोरोना पाॅजिटिव मरीजों के साथ चिकित्सकों के संवाद, मरीजों के लिए एम्बुलेंस सुविधा, चिकित्सीय परामर्श के लिए हेल्पलाईन, सार्वजनिक समारोहों में 50 लोगों की संख्या की निगरानी जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जिला की स्थिति को जाना और फीडबैक प्राप्त की।
जिला में 850 होम आईसोलेशन समितियां सक्रिय
उपायुक्त डाॅ. ऋचा वर्मा ने कुल्लू जिला में कोविड-19 की स्थिति के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि जिला में अनेक प्रकार की समितियों का गठन किया गया है। ये समितियां अपने-अपने कार्यों की लगातार निगरानी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जिला में 15 उड़न दस्ते तथा 850 होम आईसोलेशन समितियां सक्रिय तौर पर कार्य कर रही हैं। उडन दस्ते सार्वजनिक समारोहों विशेषकर शादी-विवाह पर लगातार निगरानी रख रही हैं। उन्होंने कहा कि आगामी 12 दिसम्बर तक विवाह शादी के आयोजनों का मुहुर्त है और इसके लिए पूर्व अनुमति लेना जरूरी है ताकि कोविड-19 के नियमों की उल्लंघना न हो। समिति के सदस्य मेजबान की काउंसलिंग कर रहे हैं और उन्हें सभी प्रकार के नियमों विशेषकर 50 की संख्या सीमित करने को लेकर समझा रहे हैं। इसके बावजूद उल्लंघन करने पर जुर्माना अथवा सजा का प्रावधान है। मेजबान से अतिथियों की सूची भी प्राप्त की जा रही है।
डाॅ. ऋचा वर्मा ने कहा कि आईसोलेशन समितियां पंचायत व गांव स्तर पर बनाई गई हैं। ये समितियां आईसोलेशन में कोरोना पाॅजिटिव व्यक्तियों द्वारा नियमों की अनुपालना करने को सुनिश्चित बना रही है और साथ ही उनका कुशल क्षेम भी पता कर रही हैं। उन्होंने कहा कि समितियां कंटेनमेंट जोन के नियमों की भी अनुपालना करवा रही है।
डाॅक्टर लगातार संवाद करें होम आईसोलेशन मरीजों से
उपायुक्त ने कहा कि होम आईसोलेशन में कोरोना पाॅजिटिव मरीजों को किसी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी न हो, इसके लिए चिकित्सकों को लगातार इन मरीजों के सम्पर्क में रहने को कहा गया है। जिला प्रशासन के अधिकारी भी इन मरीजों से रेण्डम बातचीत कर रहे हैं। इससे इनका मनोबल बढ़ता है और उपचार अथवा दवाईयों को लेकर किसी भी प्रकार की जरूरत का भी पता चलता है। उन्होंने कहा कि आईसोलेशन के मरीजों के स्वास्थ्य में यदि किसी प्रकार की दिक्कत आती है अथवा आॅक्सीजन स्तर कम होता है तो तुरंत से उन्हें कोविड केयर सेंटर में तबदील करने की व्यवस्था की गई है।
जिला में घटी एक्टिव मामलों की संख्या
उपायुक्त ने कहा कि जिला में अनेक एहतियाती उपायों के चलते एक्टिव मामलों की संख्या 700 से घटकर 380 तक आ गई है और इसमें लगातार कमी दर्ज की जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से जिला में कोरोना पाॅजिटिव के मामलों में लगातार कमी आ रही है। मुख्यमंत्री ने भी इसका जिक्र वीडियो कान्फ्रेंसिंग में किया। उन्होंने कहा कि जिला के लोग काफी सतर्कता बरत रहे हैं और नियमों का पालन कर रहे हैं जिसके चलते कोविड-19 टेस्ट अधिक होने के बावजूद पाॅजिटिव मामले अब कम हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि लोग सहयोग करें तो आगामी 15 दिसम्बर तक कोरोना पाॅजिटिव के मामलों को लगभग न के बराबर लाने मंे कामयाब हो सकते हैं।
49 शादियों में केवल दो मामलों में उल्लंघन
पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि जिला में गत 30 नवम्बर से अभी तक 49 शादी समारोहों का आयोजन किया गया है। इनमें केवल दो चालान किए गए हैं। 47 शादियों में मेजबान ने 50 लोगों की संख्या के नियम को सुनिश्चित बनाया। उन्होंने कहा कि जिला में कोरोना नियमों में उल्लंघन को लेकर अभी तक 4995 चालाना किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक समारोहों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। लोगों को इसके बारे में लगातार जागरूक किया जा रहा है और समझाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य लोगों का सहयोग करना है, उन्हें समझाना है। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थलों पर मास्क का हर समय प्रयोग करने की अपील की है।

News Archives

Latest News