DNN कुल्लू
03 दिसम्बर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. सुशील चन्द्र ने जिला वासियों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के वरिष्ठ नागरिकों से अपने घर द्वार पर स्वास्थ्य जांच करवाने को कहा है। उन्होंने कहा कि चिकित्सक व पैरा मैडिक्स सहित दवाईयों से लैस मोबाइल चिकित्सा वाहन आजकल जिला के विभिन्न गांवों में जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर रही है। लोग इस मोबाइल चिकित्सा यूनिट का समुचित लाभ उठाएं।
डाॅ. सुशील चन्द्र मनाली में विश्व विकलांगता दिवस पर आयोजित शिविर में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति में विकलांगता हो, तो तुरंत से इसकी जांच करवा लेनी चाहिए। चिकित्सक विकलांगता जांच करके इसकी प्रतिशतता का प्रमाण पत्र व्यक्ति को देते है। यदि विकलांगता 40 प्रतिशत से अधिक है तो सरकार की अनेक योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए व्यक्ति पात्र हो जाता है। उन्होंने पंचायती राज संस्थानों के प्रतिनिधियों से भी अपील की है कि वे अपने क्षेत्रों में यदि विकलांगता वाले कोई व्यक्ति हो, तो उन्हें अस्पताल जाकर जांच करवाने के लिए प्रेरित करें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि मोबाइल चिकित्सा यूनिट ने आज मनाली क्षेत्र में लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। इस दौरान गंभीर बीमारियों सहित कोविड-19 की विशेषतौर पर जांच की जा रही है। इस बारे लोगों को यूनिट द्वारा जागरूक भी किया जा रहा है। लोगों को कोरोना से बचाव के तौर तरीकों की जानकारी दी जा रही है। थेरेपी आन व्हील्स वाहन भी चिकित्सा वाहन के साथ जिला के दौरे पर है। किसी भी व्यक्ति को यदि फिजियोथेरेपी की जरूरत हो तो मौके पर यह वाहन इस सुविधा को प्रदान कर रही है। दोनों वाहन राज्य सरकार के कार्यक्रम घर द्वार पर स्वास्थ्य सुविधा को सार्थक बना रहे हैं।
डाॅ. सुशील चन्द्र ने चिकित्सकों तथा पैरा मैडिक्स को कहा कि लोगों को कोरोना संक्रमण के बारे में अधिक से अधिक जानकारी प्रदान करें। विशेषकर मास्क के सही प्रयोग के बारे में जनमानस को जागरूक करना अधिक जरूरी है। उन्होंने कहा कि सर्दियों के दौरान लोगों को जुखाम, खांसी इत्यादि से बचने के उपाय भी बताए जाने चाहिए।















