DNN सोलन
14 अक्टूबर। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सोलन द्वारा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सोलन (आईटीआई) में मानसिक स्वास्थ्य पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जन सूचना एवं शिक्षा अधिकारी सुरेश शर्मा ने की।
सुरेश शर्मा ने कहा कि वर्तमान के भागदौड़ के वातावरण में मनोरेग में तेजी से वृद्धि हो रही है। मनोरगी को समय पर स्वास्थ्य, पारिवारिक व सामाजिक सहायता न मिलने पर यह रोग जानलेवा भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि मनोरोग एक आम स्वास्थ्य समस्या है। संतुलित आहार, व्यायाम, खेलों में रूचि तथा अच्छे सामाजिक वातावरण की सहायता से मानसिक स्वास्थ्य की प्राप्ति की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि मनोरेग के लिए शीघ्र ही अस्पताल में चिकित्सक की मदद लेनी चाहिए तथा इस सम्बन्ध में निःशुल्क हेल्पलाइन 104 पर संपर्क किया जा सकता है। इस हेल्पलाईन पर जानकारी व सुझाव उपलब्ध हैं।
कार्यक्रम में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के छात्र-छात्रओं की भाषण तथा पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इन प्रतियोगिताओं में 40 प्रतिभागियों ने भाग लिया। छात्रों ने मानसिक स्वास्थ्य के सन्दर्भ में अपना-अपना दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रतियोगिताओं के विजेताओं को नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। भाषण प्रतियोगिता में अंजली को प्रथम, निकिता को द्वितीय तथा रेनू शर्मा को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में भव्य वर्मा को प्रथम, ओम को द्वितीय तथा नीलम मेहता को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य शिक्षिका सुषमा शर्मा तथा बीसीसी समन्वयक राधा चैहान ने भी मानसिक स्वास्थ्य पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सोलन की अनुदेशक रमा वर्मा, रीता चैहान, कौशल्या, विशाल, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के छात्र व छात्राएं उपस्थित थीं।















