DNN कुल्लू
5 अक्तूबर। मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत इस महीने जिला में 2.80 करोड़ लागत के 13 नए मामले स्वीकृत किए गए हैं। इनमें मोटर व्हीकल रिपेयर, कैफे-रेस्टोरेंट, किरयाना-हार्डवेयर दुकानें और जेसीबी, भवन निर्माण उपकरण से संबंधित मामले हैं। योजना के तहत गठित जिला स्तरीय कमेटी की 20वीं मासिक बैठक के दौरान ये बात सामने आई है। मासिक बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कुल्लू एसके पराशर ने की। बैठक में अधिकारियों ने पिछले स्वीकृत 15 मामलों में से 70 लाख रुपए की पूंजी अनुदान ताथ 9 मामलों में 5 लाख 80 हजार रुपए का ब्याज अनुदान भी स्वीकृत करने की जानकारी दी।
इस मौके पर एडीएम कुल्लू एसके पराशर ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा 2018 से क्रियान्वित की जा रही है जो अब सरकार की फ्लैगशिप योजना बन चुकी है। इस योजना के अंतर्गत 18 से 45 वर्ष की आयु के हिमाचली स्थायी निवासी युवक-युवतियों के लिए 40 लाख लोन पर 25 से लेकर 35 प्रतिशत पूंजी अनुदान का प्रावधान है। उन्होंने कुल्लू जिला के बेरोजगार युवक युवतियों से आवाहन किया कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। परियोजना की कुल लागत अधिकतम 60 लाख रुपए तक हो सकती है। इस मौके पर उद्योग विभाग के अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना के अंतर्गत अब स्वचलित ई-रिक्शा, हलके माल वाहक वाहन, सौर उर्जा संचालित रिक्शा व मोबाइल फूड वैन जिसकी परियोजना लागत 10 लाख रुपए से कम होगी, भी शामिल किए गए हैं। इस योजना को अब पूर्ण रूप से ऑनलाइन कर दिया गया है। इसके लिए अभ्यर्थी www.mmsy.hp.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। साथ ही अधिक जानकारी एवं आवेदन सम्बंधित समस्या के निवारण के लिए जिला उद्योग केंद्र कुल्लू में संपर्क कर सकते हैं।















