DNN सोलन
8 अगस्त । शहर में लोक डाउन के दौरान बाजार बंद थे, लेकिन बावजूद इसके नगर परिषद ने दुकानदारों को कूड़े के बिल थमा दिए हैं। कोरोना के चलते पहले ही कारोबार पूरी तरह से ठप है। ऐसे में नगर परिषद द्वारा दुकानदारों को कूड़े के थमने से मनोनीत पार्षद शैलेंद्र गुप्ता ने इस पर एतराज जताया है। इस मामले में उन्होंने अपना विरोध नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी ललित कुमार के पास दर्ज किया है। गुप्ता ने बताया कि आगामी समय में नगर परिषद के जनरल हाउस में भी वे इस मामले को उठाएंगे। उन्होंने कहा कि जब दुकानें खुली ही नहीं तो ऐसे में नगर परिषद को कूड़े के बिल दुकानदारों से नहीं लेने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि इसके अलावा नगर परिषद लोगों को छह महीने के पानी के बिल थमा रही है। वर्तमान में लोगों का कामकाज बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। ऐसे में बेहतर यह होता कि नगर परिषद 6 महीने का इकट्ठा बिल न देकर लोगों को तीन-तीन महीने के बिल देती। उन्होंने कहा कि इसके अलावा बिल जमा कराने की अंतिम तिथि भी ठीक नहीं है। बीच में बहुत सी सरकारी छुट्टियां हैं। ऐसे में लोगों को बिल जमा कराने के लिए लंबा समय दिया जाना चाहिए। ताकि नगर परिषद कार्यालय में बिल जमा कराने वालों की भीड़ न हो और सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह से पालन हो सके।















