DNN ब्यूरो शिमला (आदित्य सोफत)
31 जुलाई। हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद शुक्रवार देर शाम मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंत्रियों को विभागों का आबंटन कर दिया गया है। इसमें अहम बात यह है कि मौजूदा मंत्रियों के विभागों में फेरबदल भी हुआ है। देर शाम इस संबंध में शिमला से सूची जारी हुई है। इस लिस्ट के अनुसार स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण व आयुर्वेदा विभाग कसौली विधानसभा क्षेत्र से विधायक डा. राजीव सहजल को सौंपा गया है। प्रदेश में लंबे समय से स्वास्थ्य मंत्री बनाने को लेकर मांग की जा रही थी अभी तक यह विभाग मुख्यमंत्री के पास ही था। डॉ राजीव सैजल के पास सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता व सहकारिता विभाग था। यह विभाग अब सरवीण चौधरी संभालेंगी।
जानकारी के अनुसार फाइनेंस, जरनल एडमिनिस्ट्रेशन, होम, प्लानिंग, पर्सनल व अन्य वह विभाग जोकि किसी भी मंत्री को नहीं दिया गया है वे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर स्वयं ही सम्भालेंगे। इसके अलावा महेंद्र सिंह ठाकुर के पास जल शक्ति, उद्यान विभाग, सैनिक वेलफेयर, सुरेश भारद्वाज को टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग, सरवीन चौधरी को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, डा. रामलाल मारकंडा को तकनीकी शिक्षा एवं जनजातीय मामले, वीरेंद्र कंवर को कृषि एवं पशुपालन एवं पंचायती राज विभाग, विक्रम ठाकुर को श्रम एवं उद्योग ट्रांसपोर्ट विभाग, गोविंद सिंह ठाकुर को शिक्षा विभाग, डा. राजीव सहजल को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण व आयुर्वेदा विभाग सौंपा गया है। इनके अलावा नवनियिक्त मंत्रियों में सुखराम चौधरी को ऊर्जा विभाग, राकेश पठानिया को युवा खेल एवं वन विभाग, राजेंद्र गर्ग को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग दिया गया है।