DNN धर्मशाला
जिला कांगड़ा में सभी उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से उपभोक्ताओं को फोर्टिफाइड युक्त आटा, नमक व खाद्य तेल वितरित किया जा रहा है। फोर्टिफाइड युक्त खाद्य पदार्थों के सेवन से शारीरिक पोषण में वृद्धि होगी। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त राघव शर्मा ने आज मंगलवार को जिला में सार्वजनिक वितरण प्रणाली तथा सतर्कता समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए पूरे समर्पण से कार्य करें और इससे जुड़ी लोगों की समस्याओं को शीघ्र निपटाया जाए।
राघव शर्मा ने कहा कि कांगड़ा जिला में 1074 उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से 4 लाख 47 हजार 745 राशन कार्ड धारकों को आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया जा रहा है। इनमें बीपीएल, एपीएल, अंत्योदय अन्न योजना, प्राथमिक गृहस्थियां एवं अन्नपूर्णा योजना के तहत आने वाले लाभार्थी शामिल हैं। अन्तोदय राशन कार्ड धारकों को 18.800 किलोग्राम गंदम 3.20 रूपये किलो और 15 किलो चावल 3 रूपये किलो की दर से प्रत्येक राशन कार्ड पर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
एडीसी ने बताया कि जिला में एपीएल श्रेणी के तहत 284110 राशन कार्ड धारक, बीपीएल के 64525, अंत्योदय अन्न योजना के तहत 27223, प्राथमिक गृहस्थियों के तहत 60421 और अन्नपूर्णा योजना के अंतर्गत 38689 राशन कार्ड धारक हैं। बीते छः महीनों में उपभोक्ताओं को 33933 मिट्रिक टन आटा, 17950.39 मिट्रिक टन चावल, 6039 मिट्रिक टन दालें, 1381 मिट्रिक टन नमक, 106111 क्विंटल आटा, 1279 मिट्रिक टन चीनी, 44 लाख 60 हजार 221 लीटर खाद्य तेल एवं 1440 किलो लीटर मिट्टी का तेल वितरित किया गया। उन्होंने बताया जिला में कुल 35 गैस एजेंसियों के माध्यम से कुल 495987 उपभोक्ताओं को एलपीजी की आपूर्ति की जा रही है।
राघव शर्मा ने बताया कि उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता की वस्तुएं उपलब्ध करवाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसी दिशा में बीते छः महीनों में 4021 औचक निरीक्षण किए गए। विभिन्न अनियमितताओं पर इस अवधि के दौरान कुल 66850 रूपये का जुर्माना किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त ने संबधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के साथ साथ बाजार में उपलब्ध खाद्य वस्तुओं की गुणवत्ता की भी समय-समय पर जांच करते रहें ताकि उपभोक्ताओं को उचित मूल्य पर गुणात्मक वस्तुएं मिलती रहें। बैठक के दौरान नई उचित मूल्य की दुकानों के आबंटन बारे भी विस्तार से चर्चा की गई।
इसके उपरान्त, अतिरिक्त उपायुक्त राघव शर्मा ने जिला स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के बाद उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कांगड़ा जिला में कुल 785399 चयनित लाभार्थी हैं, जिन्हें गत छः माह के दौरान 98324 क्विंटल गन्दम आटा और 58401 क्विंटल चावल वितरित किए गए। उन्होंने बताया कि विगत छः माह के दौरान इस अधिनियम के तहत कोई भी शिकायत प्राप्त नहीं हुई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत राशन मिलने को लेकर किसी प्रकार की शिकायत पर तुरंत उनके अथवा खाद्य आपूर्ति विभाग के ध्यान में लाएं ताकि दोषियों के विरूद्ध तुरंत कार्यवाही की जा सके।
बैठक में जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक नरिन्द्र धीमान सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।















