DNN अर्की (राजन)
प्रधानमंत्री द्वारा किसानों की बंजर भूमि को उपजाऊ बनाने के लिए चलाई गई कृषि सिंचाई योजना से क्षेत्र की बंजर भूमि भी उपजाऊ बनने लगी है। इस योजना के द्वारा जिला के अधिकतर किसानों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। जिससे कई किसान अपनी बंजर भूमि को भी उपजाऊ बनाने में सफल हुए हैं। उपमंडल अर्की के भू- सरक्षण अधिकारी रमेश ठाकुर ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि वर्ष 2019-2020 में लगभग 73.56 लाख का बजट मिलने से जिला सोलन के लगभग 350 किसान लाभान्वित हुए हैं।
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत गांव नेहर डाकघर पारनू के अंतर्गत लालाराम पुत्र मालाराम को विभाग के द्वारा बोरवेल लगा कर दिया गया। जिसके लिए उन्हें 1,10000 (50%) राशि जिसमें से 25000 प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना तथा 85000 बजट आश्वासन स्कीम के तहत अनुदान राशि प्रदान की गई। लाभार्थी लालाराम ने बताया कि बोरवेल लगने के बाद विभिन्न प्रकार की सब्जियां लगाकर जहां अपने परिवार का भरण पोषण करना शुरू किया वही बंजर भूमि भी उपजाऊ बन गई। लाला राम ने बताया कि उन्हे अपनी खेती बाड़ी करने के लिए बारिश पर निर्भर रहना पड़ता था। परंतु बोरवेल लगने के बाद उनकी सिंचाई की समस्या समाप्त हो गई है। वहीं वह अपने परिवार का भरण पोषण करने में भी समर्थ हो गए हैं ।
साथ ही गांव बागी (टूकाड़ी) डाकखाना कुनिहार तहसील अर्की के गीता राम व प्रधान कृषक विकास समिति मुंगरू की दमयंती पुत्री महेशराम द्वारा भी इस स्कीम का लाभ उठाया गया। उपमंडलीय भू सरक्षण अधिकारी ने बताया कि सोलर सिंचाई योजना के तहत 11.22 लाख की सामूहिक योजना का निर्माण वर्ष 2019-2020 में करवाया गया। जिसके अंतर्गत 50% राशि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना व 50% राशि सोलर सिंचाई योजना के अंतर्गत दी गई । उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत 3.16 हेक्टेयर भूमि को पानी उपलब्ध करवाया गया । उन्होंने बताया कि अब पानी की सुविधा मिलने के बाद सभी किसान सब्जियों के उत्पादन जैसे टमाटर, गोभी, मटर आदि व अन्य सब्जियां व फल उगा कर अपने परिवार का भरण पोषण कर रहे हैं।















