DNN शिमला (सुनील)
कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने भारत चीन सीमा पर बढ़ते तनाव पर चिंता जताई है और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से प्रदेश से लगती इसकी सीमा पर गश्त तेज करने की मांग की है। ताकि यहां कोई घुसपैठ न हो सकें। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से इस पूरे क्षेत्र में चौकसी बढ़ाने के लिए केन्द्र से विशेष आर्थिक सहायता की मांग करने को कहा है। उन्होंने कहा है कि देश ने अपने 20 जवानों की शहादत दी है, ऐसे में प्रदेश की चीन के साथ लगती सीमा पर किसी भी स्थिति से निपटने के लिए कारगर कदम उठाने की बहुत ही जरूरत है। उन्होंने कहा है कि किन्नौर और लाहुल स्पीति जिलों में अंदर और सीमाओं पर विशेष चौकसी की जरुरत है।
राठौर ने मुख्यमंत्री के उस बयान पर जिसमें उनका कहना है कि हिमाचल की सीमा में चीन के ड्रोन देखे गए है पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दूसरी तरफ लाहुल स्पीति के पुलिस अधीक्षक इस बात को नकार रहें है। कहीं न कहीं प्रशासन और सरकार के बीच आपसी तालमेल की भारी कमी देखी जा रही है। इस प्रकार के विरोधाभास सही नहीं है और यह प्रदेश व देश की सत्ता के लिए एक बड़ा खतरा साबित हो सकता है।















