DNN सोलन (आदित्य सोफत)
सोलन जिला के कंडाघाट ब्लाक में पहला कोरोना का मामला सामने आया है। इसके अलावा सोलन में एक 4 वर्षीय बच्चा कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इसके साथ सोलन जिला में कोरोना संक्रमितों की संख्या 74 पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग ने जिला सोलन में शनिवार को 324 सैंपल सीआरआई कसौली जांच के लिए भेजे थे जिसमें से 1 सोलन और 1 कंडाघाट में पॉजीटिव मामले आए हैं। कंडाघाट ब्लॉक में पॉजिटिव आया व्यक्ति अपने 2 और साथियों के साथ दिल्ली से भागकर आया था। यह तीनों शिमला से वापस आते हुए शिमला के नाके को तोड़कर वहां से भी भाग निकले और सायरी होते हुए कुनिहार पहुंचे यहां पर अर्की पुलिस ने इन्हें पकड़ लिया था। इसके बाद इन तीनों को सायरी में ही क्वारनटीन किया गया। इनके सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए थे, जिनमें से 1 कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इसके अलावा सोलन के समीप खुंडीधार में 1 परिवार को बच्चा पाजिटिव निकला है। बीते दिनों अंबाला कैंट से सोलन पहुंचे परिवार के सदस्यों को होम क्वारनटीन में रखा गया था।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. एनके गुप्ता ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया जिला सोलन में कोरोना संक्रमण के 2 मामले सामने आए हैं। इनमें से एक सोलन के खुंडीधार व एक सायरी का है।















