कोरोना संकट में 4885 मजदूरों के खातों में डाले 2-2 हजार रुपये : मंत्री गोविंद सिंह

Kullu Politics

DNN कुल्लू
   वन, परिवहन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा है कि वैश्विक महामारी कोरोना के इस संकटकाल में केंद्र और प्रदेश सरकार गरीब एवं जरुरतमंद लोगों की भरपूर मदद कर रही है। लाॅकडाउन एवं कफ्र्यू से प्रभावित इन गरीब लोगों को तीन महीने का मुफ्त राशन मुहैया करवाने के अलावा इनके बैंक खातों में धनराशि डाल कर भी सरकार ने इन्हें सीधा लाभ पहुंचाया है।
  गोविंद सिंह ने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से लाखों श्रमिकों को लाभान्वित किया है। इन श्रमिकों को मार्च महीने की राहत राशि के रूप में दो-दो हजार रुपये सीधे इनके बैंक खातों में डाल दिए गए हैं।
  वन मंत्री ने बताया कि कुल्लू जिला में भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत 4885 मजदूरों को भी दो-दो हजार रुपये की धनराशि दी जा चुकी है। इनमें से अधिकांश श्रमिक निर्माण कार्यों से जुड़े हुए हैं। गोविंद सिंह ने कहा कि असंगठित क्षेत्र में कार्य कर रहे श्रमिकों को भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड में अपना पंजीकरण करवाना चाहिए। पंजीकृत श्रमिक इस बोर्ड के माध्यम से चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं।
 वन मंत्री ने कहा कि असंगठित क्षेत्र में कार्य करने वाले करोड़ों श्रमिकों के कल्याण एवं उत्थान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई महत्वाकांक्षी योजनाएं चलाई हैं। श्रमिकों को इन योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए।

News Archives

Latest News