DNN सोलन
सोलन में एक बैल को पेट्रोल छिड़क कर आग लगाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है, जोकि मूल तौर पर नेपाल का निवासी है और एक वर्कशाप में कार्य करता था। सोलन जिला पुलिस के मीडिया प्रभारी एवं एएसपी शिव कुमार शर्मा ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि बैल को आग लगाने की जानकारी जैसे ही आसपास के लोगों को मिली वे तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाई और पुलिस को सूचित किया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पाया कि आरोपी अंकुश निवासी नेपाल ने बैल पर पेट्रोल डाला और उसे आग लगा दी। जांच में पुलिस ने पाया कि आरोपी एक वर्कशाप पर कार्य करता है और इन्होंने कुछ गाय पाल रखी है जैसे ही बैल गाय के नजदीक आया तो इस युवक ने पैट्रोल छिड़क कर बैल को आग लगा दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है।















