DNN सोलन
सोलन शहर में बुधवार को कई कंपनियों की दूध ब्रेड की सप्लाई नहीं पहुंच पाई। जिसके कारण लोग काफी परेशान हुए। मात्र एक कंपनी ही शहर के लोगों को दूध उपलब्ध करवा पाई, लेकिन वह भी शहर के हर हिस्से में नहीं पहुंच पाया।
इसके कारण जनता और व्यापारी भी काफी परेशान दिखाई दिए। वे दुकानें खोलने प्रशासन के दिए गए निर्देशों के तहत 8 बजे पहुंच गए लेकिन उन्हें जानकारी मिली कि न तो दूध पहुंचा है और न ही ब्रेड। आम लोग भी सुबह अपने घरों से दूध लेने के लिए दुकानों पर पहुंचे लेकिन उन्हें जानकारी मिली कि आज दूध व ब्रेड की सप्लाई नहीं पहुंची है। व्यापार मंडल के प्रधान मुकेश गुप्ता ने बताया कि उन्हें सोलन में दूध डिसटीब्यूशन करने वाले व्यापारियों से जानकारी प्राप्त हुई है कि बुधवार को सोलन में मात्र एक दो ही कंपनी का दूध पहुंच पाया है। उन्होंने कहा कि जानकारी जुटाने पर उन्हें पता चला कि बीती शाम को दूध की गाड़ियां दूध सप्लाई करके जब वापस जा रही थी तो पुलिस द्वारा दूध की गाड़ियों के चालकों के साथ सख्ती से बर्ताव किया गया। जिसके कारण कर्मचारी बुधवार को दूध की सप्लाई करने नहीं पहुंचे। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उन्होंने जिला प्रशासन के कुछ अधिकारियों से बातचीत की है और उपायुक्त सोलन से इस समस्या का हल निकालने के लिए बात करेंगे ताकि वीरवार को शहर में यह व्यवस्था सुचारू हो सके।















