DNN अर्की (राजन)
विश्व की सबसे लंबी दाढ़ी रखने के रिकॉर्डधारी भारत के सरदार सरवन सिंह उपमंडल अर्की के दाड़लाघाट स्थित बरायली में स्थापित बाबा दीप सिंह जी शहीद गुरुद्वारे के तीसरे सालाना समारोह में शामिल होने पहुंचे। जहां सरदार सरवन सिंह के साथ चित्र खिंचवाने के लिए लोग आतुर दिखाई दिए। हो भी क्यों ना क्योंकि सरदार सरवन सिंह की सवा आठ फिट लंबी दाढ़ी गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज है।
दाडलाघाट के बरायली में स्थापित बाबा दीप सिंह जी शहीद गुरुद्वारे में तीसरे वार्षिक समारोह का आयोजन किया गया। जिसमे सरदार सरवन सिंह विशेष तौर पर कनाडा से हिमाचल प्रदेश की तहसील अर्की पहुंचे । सरदार सरवन सिंह मूल रूप से अमृतसर के रहने वाले और वर्तमान में कनाडा की नागरिकता हासिल कर चुके है।
सबसे लंबी दाढ़ी का विश्व रिकॉर्ड बनने वाले रिकार्डधारी सरदार सरवन सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सिखी की प्रथम पहचान उसके केश हैं। उन्होंने कहा कि शुरू में वह स्वर्णमंदिर में रागी जत्थे में गुरुवाणी कीर्तन किया करते थे। इसके साथ ही उन्होंने अपने दाढ़ी के केश बढ़ाने का विचार आया और इसको बढ़ाना शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि उनके पास गुरुवाणी संगीत की शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्रों ने उनसे इनके केशों के बारे में गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज करवाने की बात कही। उन्होंने भी इसके लिए हामी भर दी। जिसके पश्चात गुरु गोविंद सिंह की मेहर हुई कि वर्ष 2011 में उनकी सवा आठ फिट दाढ़ी को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। सरदार सरवन सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के अर्की क्षेत्र के लोगों सहित यहां कि हसीन वादियों में पहुचकर उन्हें बहुत अच्छा लगा है। उनसे पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पिछले करीब 21 वर्षों से कनाडा में रहकर विश्वभर के विद्यार्थियों को गुरुवाणी कीर्तन संगीत की शिक्षा प्रदान कर रहे हैं।















