DNN सोलन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के सोलन के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने मोर्चा संभाल लिया है। शनिवार को डा. बिंदल ने सोलन में कार्यकर्ताओं के साथ बैठ की और कार्यक्रम सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेवारियां सौंपी। वहीं इस दौरान करीब 120 लोगों ने भाजपा की सदस्यता भी ग्रहण की। शनिवार को जिला भाजपा सोलन की बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसमें खासबात यह रही कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल की मौजूदगी में करीब करीब 120 लोगों ने भाजपा का दामन थामा। इस अवसर पर सोलन कांग्रेस के कई युवाओं ने भाजपा की नीतियों और राजीव बिंदल के नेतृत्व में विश्वास जताते हुए पार्टी का दामन थामा। कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए अधिकतर लोग सोलन के वार्ड 7 और वार्ड 15 से आते है। सभी ने वार्ड 7 के पार्षद मुकेश वर्मा की अगुवाई में पार्टी की सदस्यता ली।
डॉ राजीव बिंदल व डॉ राजीव सैजल ने नए सदस्यों का भाजपा परिवार में शामिल होने पर स्वागत किया। साथ ही उन्हें विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का हिस्सा बनने की बधाई दी। डॉ बिंदल ने इस मौके पर पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के अभिनंदन समारोह में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी। बिंदल ने सोलन में अपने होने का आभास करा दिया। उनके स्वागत के लिए हिमाचल भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल, कैबिनेट मंत्री राजीव सैजल अपनी टीम के साथ मैदान में जुट गए है । सोलन के ठोड़ो मैदान में आयोजित होने जा रही विशाल रैली की सभी समितियों को जिमेदारिया सौंपी गई।















