विधिवत पूजा से शुरू हुई मनाली लेह मार्ग बहाली, सैलानी इस बार जल्द ही रोहतांग दर्रे के दीदार कर सकेंगे

Kullu Others

DNN मनाली (रेणुका गोस्वामी)
सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मनाली लेह मार्ग की बहाली आज विधिवत पूजा अर्चना से शुरू हो गई। बीआरओ दीपक परियोजना के चीफ इंजीनियर ब्रिगेडियर एमएस बाघी ने आज मनाली से 26 किमी दूर राहला फाल में पूजा अर्चना कर मार्ग बहाली को हरी झंडी दी। उन्होंने बीआरओ के जवानों का हौंसला बढ़ाया। मार्ग बहाली को हरी झंडी देने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए बाघी ने कहा कि सभी परिस्थितियां ठीक रही तो बीआरओ अप्रैल के अंत तक मनाली को लेह से जोड़ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हालांकि अभी बर्फ कम है लेकिन मार्च महीना साथ दे गया तो अप्रैल पहले सप्ताह रोहतांग दर्रा भी बहाल कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीआरओ ने इस बार फरवरी में ही बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया है। साथ ही पहली बार बीआरओ ने अपने खेमे में एक एक अत्याधुनिक डोजर व स्नो कटर शामिल किया है जिससे इस बार सड़क से बर्फ हटाने का काम जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। चीफ ने कहा कि बीआरओ युद्स्तर पर काम करेगा और लाहुल को मनाली से जोड़ेगा। बीआरओ कमाण्डर कर्नल उमा शंकर ने बताया कि आज मनाली से रोहतांग तथा दारचा से बारालाचा की ओर सड़क बहाली शुरू हुई है। एक सप्ताह के भीतर बीआरओ कोकसर से भी रोहतांग की ओर कूच करेगा। कमांडर ने बताया कि उनके जवान बुलंद हौंसलों के साथ मार्ग बहाली में जुट गए है।
सैलानी इस बार जल्द ही रोहतांग दर्रे के दीदार कर सकेंगे। बीआरओ के रोहतांग दर्रा बहाल करते ही दो सप्ताह के भीतर पर्यटक भी रोहतांग जा सकेंगे। इस साल बर्फ़बारी पिछले साल की अपेक्षा कम है।

News Archives

Latest News