DNN चंबा
एस्पिरेशनल जिला चंबा को शिक्षा के फलक पर नए आयाम देने वाले स्कूलों और विद्यार्थियों को जिला प्रशासन ने पुरस्कृत करने की योजना तैयार की है ।उपायुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित मंडे मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त विवेक भाटिया ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं में बेहतरीन नतीजे देने वाले स्कूलों को जिला प्रशासन द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जो विद्यार्थी इन परीक्षाओं में अव्वल स्थान पर रहेंगे उन्हें अवार्ड देने के अलावा ज्ञानवर्धक एवं मनोरंजक टूर भी करवाया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि पहले चरण में जिला के 25 क्रिटिकल स्कूलों में अंग्रेजी विषय को लेकर विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। अगले शिक्षा सत्र से इसे जिला के अन्य स्कूलों में भी शुरू किया जाएगा। विद्यार्थियों में अंग्रेजी विषय की और अच्छी समझ पैदा करने के मकसद से उन्हें डिक्शनरियां प्रदान करने के भी उपायुक्त ने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए शिक्षा विभाग को आवश्यक धनराशि भी मुहैया की जाएगी।
जिले में मॉडल स्कूल विकसित करने की कवायद को लेकर उपायुक्त ने शिक्षा अधिकारियों को कहा कि इस तरह के मॉडल स्कूल जिला के अन्य दूरदराज इलाकों में भी बनाए जाएं ताकि वहां के विद्यार्थियों को भी समुचित सुविधाएं और वातावरण मिल सके।
घातक कैंसर रोग, मस्कुलर डिस्ट्रॉफी, हिमोफीलिया, थैलेसीमिया , गुर्दे के सही काम ना करने, पार्किंसन जैसे स्थाई रूप से रोगी को अक्षम करने वाले रोग से ग्रसित व्यक्तियों को सहारा योजना के तहत मिलने वाली मदद के मुद्दे पर उपायुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि वे आगामी बैठक में वह समय अवधि बताएं जिसमें जिला के सभी पात्र व्यक्तियों को योजना में शामिल कर लिया जाएगा। इसके बाद भी यदि पात्र व्यक्ति सहारा योजना के लाभ से वंचित रहे तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित आशा वर्कर की रहेगी। स्वास्थ्य विभाग इस योजना की उपयोगिता और संवेदनशीलता को समझते हुए व्यापक कदम उठाना सुनिश्चत करे।
बैठक के दौरान चंबा शहर और इसके आसपास के क्षेत्रों में पर्यटकों के लिए कुछ ऐसे आकर्षण चिन्हित और तैयार करने को लेकर भी विचार विमर्श किया गया ताकि चंबा में आने वाले पर्यटकों का अधिक समय का ठहराव हो सके। जिला पर्यटन विकास अधिकारी इसकी व्यावहारिक कार्य योजना तैयार करेंगे। उपायुक्त ने बताया कि चौगान नंबर- 4 में बच्चों के लिए पार्क की सुविधा उपलब्ध करने के अलावा चौगान नंबर- 5 में ओपन एयर जिम की स्थापना भी की जाएगी।















