SOLAL में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मंत्री ने किया सम्मानित

Others Solan

DNN सोलन
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, पशु पालन तथा मत्स्य पालन मंत्री वीरेन्द्र कंवर ने आज सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में जिला स्तरीय गणतन्त्र दिवस समारोह के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों, खिलाडि़यों, छात्रों अन्य को सम्मानित किया।
वीरेंद्र कंवर ने सोलन जिला की कसौली तहसील में कार्यरत पटवारी यतिन को प्रो-ग्रेपलिंग लीग में 72 किलोग्राम भार वर्ग में तृतीय स्थान प्राप्त करने के लिए सम्मानित किया।
उन्होंने जिला पुलिस सोलन के आरक्षी भूषण को किक बॉक्सिंग में असधारण उपलब्धियों के सम्मानित किया। आरक्षी भूषण ने वर्ष 2018 में अर्जेंटिना में आयोजित अंतरराष्ट्रीय विश्व किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल किया था। उन्होंने पुलिस थाना धर्मपुर के थाना प्रभारी इन्सपेक्टर दया राम को स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के प्रभावी कार्यान्वयन, पुलिस अधीक्षक कार्यालय सोलन में कार्यरत लेखाकार इंस्पेक्टर रामचंद्र को समर्पण, ईमानदारी तथा अनुभव के साथ कार्य करने तथा मुख्य आरक्षी पवन कुमार को मास्टर स्टेट एथेलेटिक्स प्रतियोगिता में 45 वर्ष आयुवर्ग की श्रेणी में स्वर्ण, रजत तथा कांस्य पदक जीतने के लिए सम्मानित किया।
वीरेंद्र कंवर ने पुलिस चौकी डगशाई के एचएचसी देशराज को कुम्हारहट्टी में यातायात नियमन के लिए, पुलिस थाना सदर सोलन के एचएचसी मदन किशोर को मदिरा पान कर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई करने के लिए, पुलिस लाईन्स सोलन के एलएचसी रतन चंद, टीटीआर सोलन में तैनात आरक्षी साजिद खान को बेहतरीन सेवाआंे के लिए, एसआईयू सोलन में तैनात आरक्षी शुभम को स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के कार्यान्वयन, दाड़लाघाट में तैनात आरक्षी संजोग को बेहतर कार्य तथा कण्डाघाट में तैनात महिला आरक्षी रोशनी देवी को अपराध एवं अपराधी खोज नेटवर्क एवं प्रणाली के बेहतर संचालन के लिए सम्मानित किया।
उन्होंने गृह रक्षा के कंपनी कमाण्डर चंद्रशेखर को प्रशिक्षण एवं अन्य कार्यों, कंपनी कमाण्डर भाग सिंह को प्रशंसनीय कार्य, दमकल चौकी अर्की के अग्रसर प्रशामक भूपेंद्र कुमार को राजकीय उच्च पाठशाला भराड़ीघाट में लगी आग पर कुशलतापूर्वक नियंत्रण पाने तथा दमकल केंद्र सोलन के प्रशामक अशोक कुमार एवं सुरेंद्र कुमार को चंबाघाट स्थित उद्योग की आग बुझाने में किए गए कार्य निष्पादन के लिए सम्मानित किया। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय सोलन की एनसीसी कैडेट अर्चना पंवर, सीनियर अंडर ऑफिसर हेमलता पंवर तथा गुरूकुल इंटरनेशनल स्कूल की कैडेट वंशिका शर्मा को भी सम्मानित किया।
वीरेंद्र कंवर ने नगर परिषद सोलन के कनिष्ठ सहायक योगेश मेहता, लिपिक सुशांत शर्मा, स्वच्छता निरीक्षक राजेश कुमार, घर-घर से कूड़ा उठाने वाले सुभाष, मिथिलेश, धीरज तथा रेनु एवं कूड़ा बीनकर 213 किलोग्राम प्लास्टिक एकत्र करने वाली सुरजीत तथा 209 किलोग्राम प्लास्टिक एकत्र करने वाले रमेश को भी सम्मानित किया। उन्होंने ई-राष्ट्रीय कृषि बाजार के बेहतर निष्पादन के लिए एपीएमसी सोलन के सचिव डॉ. रविंद शर्मा और उनकी टीम को सम्मानित किया।
निर्मल ग्राम पंचायत नौणी मझगांव को पर्यावरण संरक्षण के लिए, पाईनग्रूव स्कूल सुबाथू को स्वच्छता एवं ठोस कचरा प्रबंधन में अनुकरणीय कार्य तथा पाईनग्रूव स्कूल धर्मपुर को जल संरक्षण की दिशा में सार्थक प्रयास करने के लिए सम्मानित किया गया।
वीरेंद्र कंवर ने केंद्रीय पंचायती राज मंत्रालय द्वारा कार्यान्वित किए गए कार्यक्रम ग्राम पंचायत विकास कार्य योजना बनाने में विकास खंड सोलन को राज्य में द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया।
समेकित बाल विकास परियोजना धर्मपुर की पर्यवेक्षक भूमिका जग्गी को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के निष्पादन के लिए तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घणागुघाट के प्रधानाचार्य रूप राम शर्मा को बाल सुरक्षा संस्थान अर्की के बच्चों को वर्ष 2014 से निःशुल्क गणित एवं विज्ञान पढ़ाने के लिए सम्मानित किया गया।

News Archives

Latest News