SOLAN दिल्ली के युवकों ने खाई में फेंका क्रेन चालक मौत, हत्या का मामला दर्ज

Crime Solan

DNN सोलन

परमाणु में एक क्रेन चालक को युवकों ने बहसबाजी व मारपीट के बाद सड़क से नीचे खाई में गिरा दिया। गंभीर अवस्था में उसे अस्पताल पहुंचाया गया जहां पर उपचार के दौरान चालक की मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एएसपी शिवकुमार शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच चल रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कुछ युवकों की गाड़ी खराब होने पर उन्होंने एक क्रेन को दिल्ली के लिए किराए पर लिया और चालक को उनकी गाड़ी दिल्ली छोड़ने के लिए कहा। इस पर चालक क्रेन में पेट्रोल भरवाने के बाद दिल्ली के लिए रवाना हो गया। टीटीआर परमाणु के नजदीक तेज बारिश होने लगी व क्रेन की साइड लाइटें और वाइपर न चलने के कारण उसने क्रेन को रोक दिया और कहा कि क्रेन में खराबी आने के कारण वह युवकों की गाड़ी को सुबह के समय दिल्ली छोड़ देगा। लेकिन युवक इस बात के लिए राजी नहीं हुए और वह चालक के साथ बहस बाजी करने लगे, कि उसे अभी दिल्ली जाना होगा। इसी बीच चालक ने क्रेन मालिक को फोन करके मामले की जानकारी दी और बताया कि क्रेन में खराबी आने के कारण वह दिल्ली जाने में असमर्थ है। क्रेन मालिक ने उसे कुछ देर के लिए वहीं पर रुकने को कहा और जानकारी दी कि वह स्वयं मौके पर पहुंच रहा है और युवाओं से बात करेगा। इसके बाद चालक ने युवकों से कहा कि क्रेन मालिक स्वयं मौके पर आ रहे हैं और वे उन्हीं से बात कर ले। लेकिन युवक मारपीट पर उतारू हो गए और उन्होंने चालक के साथ मारपीट करने के बाद उसे सड़क से नीचे फेंक दिया। चालक के साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौके पर मौजूद था जिसके साथ भी युवक मारपीट करने लगे लेकिन वह मौके से भाग गया और एक पेट्रोल पंप में जाकर छुप गया। कुछ देर बाद क्रेन मालिक गाड़ी में सवार होकर पेट्रोल पंप में पहुंचा और चालक के साथ मौजूद अन्य व्यक्ति राजन के पास पेट्रोल पंप में आया। जिसके बाद दोनों क्रेन के पास पहुंचे और पाया कि चालक मौके पर मौजूद नहीं है। इसके बाद उन्होंने खाई से जख्मी हालत में क्रेन चालक को बाहर निकाला और उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन अस्पताल में उपचार के दौरान क्रेन चालक की मौत हो गई। जबकि घटना के बाद युवक फरार हो गए। मंगलवार को घटनास्थल का दौरा एएसपी शिवकुमार शर्मा ने भी किया। उन्होंने कहा कि मृतक की पहचान मदनलाल के तौर पर हुई है। मामले की जांच चल रही है। आरोपी युवक घटना के बाद से फरार हैं।

News Archives

Latest News