DNN सोलन
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल का भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनना सोलन भाजपा के कई नेताओं के लिए संजीवनी साबित हो सकता है। विभिन्न कारणों से पार्टी से दूरियां बनाए हुए नेताओं को आगामी समय में अहम जिम्मेदारियां मिल सकती है। यही कारण है कि डॉ राजीव बिंदल के अध्यक्ष बनने की सूचना के बाद उनके समर्थक खासा सक्रिय हो गए हैं और वे आगामी समय में डॉ राजीव बिंदल के अध्यक्ष बनने के बाद सोलन जिला के विभिन्न हिस्सों में जबरदस्त स्वागत करने की तैयारियों में जुट गए हैं।
डॉक्टर बिंदल के अध्यक्ष बनने की सूचना के बाद सिरमौर व सोलन में खासा उत्साह का माहौल है। भारतीय जनता पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं के अलावा आम लोग भी डॉ राजीव बिंदल को इस पद से नवाजे जाने से काफी खुश हैं। शनिवार को औपचारिक तौर से डॉक्टर राजीव बिंदल को भाजपा का अध्यक्ष घोषित किया जाना है। इसके लिए सोलन भाजपा उनके स्वागत की तैयारियों में जुट गई है। सोलन शहर से भारी संख्या में कार्यकर्ता शनिवार को शिमला में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए जाएंगे। वहीं उनके कुछ समर्थकों ने 2 दिन पहले से ही उनके पास हाजिरी भरना भी शुरू कर दिया है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी उनके समर्थक जमकर उन्हें अध्यक्ष बनाने का स्वागत कर रहे हैं।















