चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे बनाला के पास बंद, लगातार पत्थर गिरने का सिलसिला जारी

Crime Kullu Others

DNN मनाली (रेणुका)

चंडीगढ़- मनाली नेशनल हाइवे औट बनाला के पास बाधित हो गया है। इस रोड़ में औट के आस पास लगातार पहाड़ी से पत्थर गिरने का सिलसिला जारी है। जिससे बार-बार एनएच यातायात के लिए बाधित हो रहा है। सोमवार सुबह के समय करीब एक घंटे के लिए यहां पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण नेशनल हाइवे बाधित हुआ फिर दोपहर बाद पहाड़ी से भारी मात्रा में पत्थर और मलबा सड़क पर गिर रहा है।

जिस कारण एनएच यातायात के लिए अवरुद्ध हो गया । सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया है। लोहड़ी के त्योहार के दिन कड़ाके की ठंड के बीच सैंकड़ों वाहन फंस गए हैं। औट पुलिस थाना की टीम व कंपनी स्टॉफ मौके पर पहुंच गए। फोरलेन निर्माण में लगी कंपनी की मशीनरी मलबा हटाने का काम कर रही , लेकिन बारिश के बीच लगातार गिर रहा मलबा कार्य में बाधा बन रहा है।
जिला कुल्लू व मंडी प्रशासन ने पर्यटकों, आम जनता व वाहन चालकों से एतिहात बरतने की सलाह दी है। निर्माणाधीन फोरलेन के लिए पहाड़ की कटिंग कार्य चल रहा है। इस वजह से यहां आए दिन पहाड़ी से मलबा गिरता रहता है। पंडोह से लेकर नगवाई तक नेशनल हाइवे पर सफर इन दिनों बेहद जोखिमभरा हो गया है। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार बनाला का अवरुद्ध मार्ग सुबह 8 बजे तक खुलेगा।

News Archives

Latest News